हरिद्वार: शराब की 481 पेटियां पकड़ीं, सरसों के तेल का लेबल लगे टिन से छिपाकर हो रही थी तस्करी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार में श्यामपुर पुलिस ने सोमवार को 33 लाख की शराब से लदीं 481 पेटियां पकड़ लीं। शराब हरियाणा से तस्करी करके एक ट्रक में लाई जा रही थी। ट्रक चालक अलबत्ता फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब की पेटियों के आगे सरसो के तेल का लेबल लगे टिन रखे गए थे। वे सील बंद थे। लेकिन जब पुलिस ने करीब 185 टीन को खोला तो सभी के अंदर पानी भरा हुआ था।
मेला नियंत्रण भवन सभागार में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने पूरे मामले की जानकारी दी। बकौल एसएसपीरविवार की देर रात नजीवाबाद की तरफ जा रहे एक दस टायर ट्रक को चंडीघाट चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रोकना चाहा। लेकिन चालक ने ट्रक को रोकने के बजाय बैरियर को टक्कर मारते हुए ट्रक दौड़ा लिया।
एसओ श्यामपुर दीपक कठैत, चौकी प्रभारी विजय सतानी ने पीछा करते हुए कुछ दूरी पर ट्रक पकड़ लिया, लेकिन ट्रक चालक फरार होने में कामयाब रहा। एसएसपी ने बताया कि ट्रक की तलाशी लेने पर उसके अंदर से अंग्रेजी शराब के ब्रांड इम्पीरियल ब्लू, मेक डावल, कसीनो प्राइड, ब्लेण्डर प्राइड की 481 पेटियां बरामद हुई।
जिनकी बाजार में कीमत करीब 33 लाख है। बताया कि आरोपियों की तलाश में स्थानीय पुलिस जुटी हुई है। बताया कि ट्रक करीब आठ माह पूर्व सलीम और ताहिर निवासी सुल्तानपुर कुन्हरी लक्सर नाम के व्यक्तियों ने खरीदा था। उनकी भी तलाश की जा रही है। इस दौरान एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय मौजूद रहीं।
जिले भर की पुलिस की खुली पोल
श्यामपुर पुलिस ने जिले भर की पुलिस की कार्यशैली की पोल खोलकर रख दी है। शराब हरियाणा ब्रांड की है। जाहिर है कि शराब हरियाणा से आ रही थी। जिले में एंट्री करने से लेकर श्यामपुर पहुंचने तक कई थाने कोतवाली का क्षेत्र पड़ता है लेकिन किसी की नजर में शराब नहीं आई, यह हैरत भरा है।