अब केदारनाथ में मिलेगा हाई स्पीड इंटरनेट
अब केदारनाथ में भी हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी मिल सकेगी। जिला प्रशासन ने बीएसएनएल की मदद से केदारनाथ और सोनप्रयाग में अत्याधुनिक संचार उपकरण आई-डीआर लगाने का निर्णय लिया है।
24 अप्रैल से शुरू हो रही यात्रा के दौरान संचार सेवा बेहतर बनाने के लिए इस बार केदारनाथ और सोनप्रयाग में हाई स्पीड आई-डीआर उपकरण लगाया जा रहा है। यह उपकरण तेज इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराएगा। डीएम डॉ. राघव लंगर का कहना है कि आई-डीआर लगने से बेहतर संचार तंत्र उपलब्ध होने से बॉयोमैट्रिक्स पंजीकरण में दिक्कत नहीं होगी।
उपकरण को खरीदने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। यात्रा के दौरान धाम से देहरादून नियमित कनेक्टिविटी भी होगी। बीएसएनएल ने रुद्रप्रयाग से लेकर गुप्तकाशी तक मोबाइल थ्री जी सेवा शुरू कर दी है।
जानिए, क्या है आई-डीआर सेवा
15 अप्रैल तक फाटा को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा। दूसरी ओर बर्फबारी से क्षतिग्रस्त लिनचौली में मोबाइल टावर के निरीक्षण के लिए जल्द टीम जाएगी।
रिपोर्ट के बाद इस टावर की मरम्मत 15 अप्रैल तक कर दी जाएगी। इस मोबाइल टावर को अपग्रेड भी किया जाएगा, जिससे पूरे पैदल मार्ग पर सिग्नल बने रहे।
यह है आई-डीआर
आई-डीआर वी-सेट का विस्तृत रूप है। यह सीधे सेटेलाइट से कनेक्ट होता है। इस उपकरण का उपयोग दूरस्थ क्षेत्रों में इंटरनेट की हाई स्पीड के लिए किया जाता है। उपकरण प्रति सेकंड 2 मेगा बीट्स का आदान-प्रदान करता है। वहीं एक सीमित क्षेत्र में वाई-फाई सुविधा भी प्राप्त होती है। इस उपकरण की लागत करीब 31.5 लाख रुपये है। जबकि इसका वार्षिक खर्चा करीब 29 लाख रुपये है।