भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, अवैध रूप से भारत आने की कोशिश को माना जाएगा घुसपैठ
- नेपाल से होने वाली घुसपैठ पर सुरक्षा बलों की कड़ी नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नेपाल में जिस तरह की भारत विरोधी गतिविधियां चल रही हैं, उनको देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल से घुसपैठ रोकने के लिए धारचूला से कालापानी तक कड़ी निगाह रखी जा रही है। यदि कोई भी काली नदी के रास्ते अवैध तरीके से भारत आने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ घुसपैठ के तहत कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
भारत ने जब से कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग में चीन सीमा पर स्थित लिपुलेख तक सड़क का निर्माण किया है, तब से नेपाल के तेवर बदले हुए हैं। भारत की कड़ी आपत्ति के बावजूद नेपाल ने न केवल भारतीय क्षेत्र कालापानी, लिपुलेख और लिंपियाधुरा को अपने नक्शे में शामिल किया बल्कि अब इस क्षेत्र को अपने सिक्के में छापने और जनगणना कराने तक की दुस्साहसिक कार्रवाई की बात कह रहा है।
यह भी पढ़ें: भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने चीन-नेपाल सीमा पर फिर भरी उड़ान, रखी जा रही कड़ी नजर
नेपाल ने भारतीय सीमा के पास बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) और सेना की कंपनियां भी स्थापित कर दी हैं। नेपाल सेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ ही सरकार के नुमाइंदे भी लगातार इस सीमा का दौरा कर रहे हैं। नेपाल के गृहमंत्री भी इस सीमा का दौरा कर चुके हैं।
नेपाल की गतिविधियों को देखते हुए भारतीय सुरक्षा बल पूरी चौकसी बरत रहे हैं। हालांकि इस समय भारत-नेपाल को जोड़ने वाले झूला पुल बंद हैं। सुरक्षा बलों की नजर काली नदी के उन स्थलों पर हैं, जहां से अक्सर लोग अवैध रूप से आवागमन करते हैं।
ऐसे स्थानों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सुरक्षा बलों के अधिकारी ने बताया कि नेपाल सीमा पर होने वाली हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है और पल-पल की जानकारी रखी जा रही है। धारचूला से कालापानी तक हाई अलर्ट है। यदि कोई भी व्यक्ति अवैध रास्तों से आते पाया गया तो इसे घुसपैठ मानकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल ने दत्तू में खोली नई बीओपी
चीन के साथ ही नेपाल भी भारतीय सीमा पर लगातार अपनी सैन्य क्षमता बढ़ा रहा है। नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) ने भारतीय सीमा पर दत्तू नामक स्थान पर एक और बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) खोल दी है। अब पिथौरागढ़ जिले से लगी सीमा पर नेपाल सेना के बीओपी की संख्या छह हो गई है।
सूत्रों के अनुसार एपीएफ के डीआईजी हरिशंकर बूढ़ाथोकी ने रविवार को दत्तू में नए बीओओ का उद्घाटन किया। दत्तू में जिस स्थान पर यह बीओपी खोली गई है, वह भारत के बलुवाकोट कस्बे के ठीक सामने स्थित है। अब तक नेपाल के दुमलिंग, जौलजीबी, लाली, झूलाघाट, पंचेश्वर और रौतगाड़ में बीओपी थे।
दत्तू का बीओपी छठे नंबर का है। इस सीमा पर नेपाल की दो बटालियन भी हैं। इनमें से एक दार्चुला जबकि दूसरी छांगरू में है। सूत्रों के अनुसार नेपाल की एक और बीओपी सुनसेरा में प्रस्तावित है। सुनसेरा तवाघाट के सामने स्थित है।
माओवादियों का गढ़ था दत्तू
नेपाल के दार्चुला जिले के दत्तू में जिस स्थान पर सशस्त्र प्रहरी बल का बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) खोला गया है यह स्थान कभी माओवादियों का गढ़ था। इस स्थान पर माओवादी सबसे अधिक सक्रिय थे।