{"_id":"6b0485a0208e7364ac009c08","slug":"agreement-on-increasing-honorarium-for-asha-workers-anganwadi-workers-and-bhojanmatasprotest-called-off-2026-11-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"देहरादून: आशा, आंगनबाड़ी और भोजनमाताओं का मानदेय बढ़ाने पर शासन के साथ सहमति, आंदोलन स्थगित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
देहरादून: आशा, आंगनबाड़ी और भोजनमाताओं का मानदेय बढ़ाने पर शासन के साथ सहमति, आंदोलन स्थगित
Mon, 23 Nov 2026 11:57 PM IST
Alka Tyagi
माई सिटी रिपोर्टर, देहरादून
माई सिटी रिपोर्टर, देहरादून
Published by: Alka Tyagi
Updated Mon, 23 Nov 2026 11:57 PM IST
विज्ञापन
आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, भोजनमाताओं और अन्य श्रमिक संगठनों की मांगों पर शासन के साथ हुई वार्ता में सकारात्मक सहमति बनने के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। सोमवार को सचिवालय में सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीआईटीयू) के प्रतिनिधिमंडल और शासन के अधिकारियों के बीच सचिव स्तर की वार्ता हुई। इसमें मानदेय बढ़ाने, सेवानिवृत्ति लाभ देने और न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये करने सहित कई मांगों पर सहमति बनी। वहीं, श्रमिक संगठन एक दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली में सैकड़ों की संख्या में शामिल होंगे।
विज्ञापन
इससे पहले सीआईटीयू के नेतृत्व में आशा, आंगनबाड़ी, भोजनमाता और अन्य श्रमिक संगठनों ने सचिवालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्मिक सचिव की अध्यक्षता में वार्ता हुई। शासन की ओर से मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि शैलेश बगोली सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास और श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। श्रमिक संगठनों की ओर से सीआईटीयू के प्रांतीय अध्यक्ष महेंद्र जखमोला, राज्य सचिव लेखराज और विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी शामिल हुए। वार्ता में आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त धनराशि देने पर सहमति बनी। इसके लिए हरियाणा की तर्ज पर नियम लागू करने की बात कही गई।
विज्ञापन
UK Top News: सात मृतकों की हुई अंत्येष्टि, गुलदार ने महिला को मार डाला, कल होगा सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट
विज्ञापन
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि का शासनादेश जारी करने, सेवानिवृत्ति के बाद कल्याण कोष में सरकार का अंशदान देने और ग्रेच्युटी के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करने पर सहमति बनी। भोजनमाताओं का मानदेय बढ़ाने, छंटनी पर रोक लगाने और सेवानिवृत्ति पर आर्थिक लाभ देने का भी निर्णय लिया गया। वहीं, 42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन के प्रावधान पर श्रम विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए। नई श्रम संहिताओं में मजदूरों के हितों के अनुरूप बदलाव करने पर भी चर्चा हुई। गौरतलब है कि इन मांगों को लेकर सीआईटीयू ने 18 नवंबर को सचिवालय में महापड़ाव कर ज्ञापन सौंपा था। सोमवार की वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
