केदारनाथ में गलत लैंडिंग पर हड़कंप, हेलीकॉप्टर सीज
केदारनाथ धाम के लिए हवाई सेवा प्रदान करने वाली प्राइवेट कंपनी के एक हेलीकॉप्टर ने शनिवार को नियमों का उल्लंघन कर धाम मे लैंडिंग की। जिला प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई हेरिटेज हेली कंपनी के हेलीकॉप्टर को सीज कर दिया है। प्रशासन ने इस संबंध में कंपनी प्रबंधन से स्पष्टीकरण भी मांगा है।
सेक्टर मजिस्ट्रेट केदारनाथ सुनील कुमार राज ने बताया कि शनिवार को पूर्वाह्न 11.20 बजे हेरिटेज कंपनी के पायलट ने केदारनाथ मंदिर के पीछे हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर उतारा है जबकि यह हेलीपैड व्यवसायिक हेलीकॉप्टर की लैंडिंग और टेकऑफ के लिए प्रतिबंधित है। इसके बावजूद पायलट ने हेलीकॉप्टर यहां उतारा।
गलत तरीके से टेकऑफ, बाहर छूटा यात्रियों का सामान
यही नहीं पायलट ने आवाजाही के लिए निर्धारित हेलीपैड पर भी गलत तरीके से टेकऑफ किया, इस वजह से यात्रियों का आधा सामान भी बाहर छूट गया था।
पायलट ने बिना सहकर्मी के निर्देश के हेलीकॉप्टर को टेकऑफ कराया और फिर लैंडिंग भी करवाई। इससे तीर्थयात्रियों की जान को खतरा हो गया था। इसकी शिकायत पर जिलाधिकारी डॉ. राघव ने नोडल अधिकारी हेलीकॉप्टर सेवा एसएस राणा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी ने हेलीकॉप्टर को सीज कर दिया।