पहाड़ों में फिर भारी बर्फबारीः सैकड़ों सड़कें बंद, लाहौल में गिरा हिमखंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ एक बार फिर बर्फ से लकदक हो गए हैं। हिमाचल में मंगलवार को ऑरेंज अलर्ट के बीच हुई ताजा हिमपात से तीन हाईवे समेत प्रदेशभर की 120 सड़कें जबकि 200 छोटे-बड़े रूटों पर परिवहन सेवाएं ठप रहीं। कार स्किड होने से दो की मौत हो गई। उत्तराखंड में चार धाम और धनोल्टी समेत ऊंचाई वाले लगभग सभी क्षेत्रों में हिमपात हुआ।
जम्मू-कश्मीर में कश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों के साथ जवाहर टनल पर बर्फबारी से जम्मू-श्रीनगर हाईवे छह घंटे बंद रहा। दूसरी ओर, बर्फबारी-बारिश के बाद कई इलाकों के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई जिससे फिर कड़ाके की ठंड बढ़ गई। बिजली-पानी की समस्या बढ़ गई है।
हिमाचल में मनाली, डलहौजी, कुफरी में भारी बर्फबारी के बाद पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में आग गया है। पांच क्षेत्रों का न्यूनतम पारा माइनस में है। लाहौल के मूलिंग पुल के पास हिमखंड गिर गया तो सिरमौर के हरिपुरधार में बर्फ में फिसलकर 300 फुट गहरी खाई में कार गिरने से जेबीटी शिक्षक समेत दो की जान चली गई।
उधर, शिमला पुलिस ने कुफरी-नारकंडा में फंसे 250 लोगोंऔर पर्यटकों को बचाया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है।
जम्मू में श्री माता वैष्णो देवी भवन, भैरो घाटी सहित त्रिकुटा पहाड़ियों पर बर्फबारी और कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में हिमपात से शीतलहर बढ़ गई है। कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा ठप रही। जवाहर टनल के बाहर बर्फबारी से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग छह घंटे बंद रहा।
जोजीला पास पर बर्फबारी से श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल नहीं हो पाया है। जिला राजोरी और पुंछ को कश्मीर से जोड़ने वाला मुगल भी बंद चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार बुधवार को जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
उत्तराखंड में बर्फ की चादर
उत्तराखंड में गढ़वाल और कुमाऊं की सभी चोटियां पर सफेद चादर बिछ गई हैं। चमोली में फिर 25 गांव बर्फ से ढक गए हैं। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री हाईवे और चमोली जिले में बदरीनाथ, जोशीमठ-औली व जोशीमठ-तपोवन-मलारी मार्ग सहित कई सड़कें बाधित हो गई हैं।
धनोल्टी में सीजन की 8वीं बर्फबारी हुई। फूलों की घाटी को जाने वाला तीन किलोमीटर का ट्रेक भी पूरी तरह बर्फ से ढका है। केदारनाथ धाम में कुल 12 जबकि गंगोत्री-यमुनोत्री में 6-7 फुट तक बर्फ जमी है। बदरीनाथ में करीब 8 और हेमकुंड साहिब में 12 फुट तक बर्फ मौजूद है। कुमाऊं में मुनस्यारी, धारचूला बागेश्वर की चोटियों पर फिर हिमपात हुआ। पिथौरागढ़ से देहरादून और हिंडन की सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। थल मुनस्यारी मार्ग फिर बंद हो गया। नैनीताल में दिनभर हुई बारिश से ठंड बढ़ गई है।
स्थान न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
लेह -13.5
केलांग - 9.2
गुलमर्ग -8.0
पहलगाम -3.8
कल्पा - 5.2
कुफरी - 1.9
डलहौजी - 0.8
मनाली - 0.8
श्रीनगर 0.6
शिमला 1.9
कहां कितनी बर्फबारी
बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
रोहतांग 120
कोकसर 30
दारचा 20
सोलंगनाला 15
कुफरी 15
पटनीटॉप 20
नत्थाटॉप 45
केदारनाथ 61
गंगोत्री 31
यमुनोत्री 31
बदरीनाथ 15
हेमकुंड साहिब 45