उत्तराखंडः बीजेपी नेता आर्य की रैली में दो गुटों में फायरिंग, चार घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा प्रत्याशी यशपाल आर्य की चुनावी सभा समाप्त होने के बाद जुलूस निकालने के लिए रथ पर बैठने के दौरान दो गुटों में हुई भिड़ंत के दौरान हवाई फायरिंग होने से भगदड़ मच गई। समारोह स्थल पर पथराव और लाठी डंडे भी चले।
दोनों गुटों के चार लोग घायल हो गए, जबकि भगदड़ में छह महिलाएं चोटिल हो गईं। घायलों का एक अस्पताल में इलाज कराया गया है। पथराव से सात वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। करीब 60 से अधिक कुर्सियां तोड़ दी गईं। खबर मिलते ही डीएम चंद्रेश यादव, एसएसपी सैंथिल अबुदेई, एएसपी कमलेश उपाध्याय, एसडीएम पीएस राणा, सीओ जीसी टम्टा ने मय फोर्स के मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
प्रारंभिक जांच के बाद एचएसओ बीएस धौनी की तरफ से दो नामजद बल्देव सिंह नामधारी, कुलविंदर सिंह किंदा और 12 अन्य लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 188, 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसपी कमलेश उपाध्याय को सौंपी गई है।
सभा स्थल पर चली 10 राउंड गोली
बुधवार को मंडी समिति परिसर में भाजपा प्रत्याशी यशपाल आर्य के नामांकन को लेकर क्षेत्रभर कार्यकर्ताओं की भीड़ एकत्र थी। जहां चुनावी सभा के समापन पर प्रत्याशी यशपाल आर्य नामांकन जुलूस के लिए रथ पर बैठ रहे थे कि इस दौरान किसी बात को लेकर ट्रक यूनियन अध्यक्ष बल्देव सिंह नामधारी और जिला पंचायत सदस्य कुलविंदर सिंह किंदा समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते गाली गलौच लाठी डंडे और पत्थरबाजी हो गई। दोनों के समर्थकों में फायरिंग हो गई।
करीब 10 राउंड गोली चली। इससे अफरातफरी मच गई। भगदड़ में कई महिलाएं दबकर चोटिल हो गइं। जमकर पत्थर और डंडे लगने से सात वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में एक से बल्देव सिंह नामधारी, अमर सिंह रंधावा, सतनाम सिंह और दूसरे गुट से रणजीत सिंह, सोनू सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों का एक अस्पताल में इलाज कराया गया।
भगदड़ के दौरान महिलाओं के साथ बदसलूकी
भाजपा प्रत्याशी यशपाल आर्य के चुनावी सभा के दौरान गुटों के भिड़ने और फायरिंग होने से मची भगदड़ में सुल्तानपुर पट्टी निवासी रामोदेवी, रामवती, गुड़िया सहित छह महिलाएं चोटिल हो गई। महिला विकास समिति अध्यक्षा लज्जा सैनी ने बताया कि कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ बदसलूकी की गई। भगदड़ में पता नहीं चला कि घटना करने वाले कौन लोग थे।
भगदड़ में नेता भी आए भागते नजर
चुनावी सभा के दौरान संघर्ष के बाद मची भगदड़ में ग्रामीण महिला और पुरुष ने वाहनों के नीचे बैठकर जान बचाई। भगदड़ में वरिष्ठ नेता भी भागते नजर आए। बताते हैं कि यशपाल आर्य की गाड़ी का चालक भी फायरिंग के बाद भाग गया। यशपाल आर्य और संजीव आर्य को नवदीप सिंह कंग गाड़ी में बैठाकर ले गया।
यशपाल, संजीव को कार्यकर्ताओं ने बमुश्किल बचाया
भाजपा की चुनावी सभा में संघर्ष होने पर भाजपा प्रत्याशी यशपाल आर्य और नैनीताल के प्रत्याशी संजीव आर्य को हरमिंदर सिंह लाडी, राजेश कुमार, उपेंद्र चौधरी सहित दर्जनभर कार्यकर्ता घेरा बनाकर बमुश्किल एक गाड़ी में बैठाकर ले गए। फायरिंग की घटना से नगर क्षेत्र में दहशत फैल गई।
पुलिस फोर्स आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। इससे पहले सभा को भाजपा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी, विधायक हरभजन सिंह चीमा, अरविंद पांडे, स्टार प्रचारक बलराज पासी, जिलाध्यक्ष राममल्होत्रा, प्रदेश सचिव रविंद्र बजाज, मेयर ऊषा चौधरी, जिला महामंत्री राजेश कुमार सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।