हरिद्वार: मेयर कार्यालय में भरभराकर गिरी छत की फोर सीलिंग, बाल-बाल बचे मेयर और कर्मचारी
बृहस्पतिवार को मेयर अनीता शर्मा देवपुरा चौक के निकट अपने कार्यालय में कर्मचारियों के साथ बैठी थीं। अचानक छत के फोर सीलिंग की प्लेटें भरभराकर नीचे आ गिरी। मेयर के टेबल पर तीन प्लेटें गिरी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरिद्वार में मेयर अनीता शर्मा के कार्यालय की फोर सीलिंग बृहस्पतिवार को भरभरा कर नीचे आ गई। मेयर और अन्य कर्मचारी बाल-बाल बचे। मेयर दफ्तर दशकों पुराने भवन में बना है। जर्जर छत को ढकने के लिए मेयर के चुनाव से ठीक पहले कार्यालय में फोर सीलिंग लगाई गई थी।
गनीमत रही कि मेयर को कोई चोट नहीं लगी। फोर सीलिंग गिरने की सूचना पर मेयर प्रतिनिधि, पार्षद और कर्मचारी कार्यालय पहुंचे।
मेयर अनीता शर्मा ने बताया कि कार्यालय दशकों पुराना है। चुनाव से ठीक पहले कार्यालय की मरम्मत हुई थी। छत जर्जर हाल में है। बारिश में टपकती भी है। कार्यालय में अंदर से जर्जर छत को छिपाने के लिए फोर सीलिंग लगाई थी।
उन्होंने कहा कि आचार संहिता से ठीक पहले तत्कालीन शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने मेयर कार्यालय का नया भवन बनाने का शिलान्यास भी किया था। लेकिन चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की हार होने के साथ नए कार्यालय का निर्माण भी लटका गया है।
मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी भी जर्जर कार्यालय की अनदेखी कर रहे थे। अधिकारियों के कार्यालय शानदार बने हैं। सीसीटीवी से लेकर सुविधाओं से लैस हैं।
मेयर के कार्यालय के बाथरूम की टोंटी भी खराब होती है तो उसे बदलने के लिए महीनों लग जाते हैं। अशोक शर्मा ने कहा कि घटिया गुणवत्ता की फोर सीलिंग लगाए जाने की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
निर्माणाधीन तीन मंजिला आश्रम सील
कोविड कर्फ्यू की आड़ में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को प्राधिकरण की टीम ने नजीबाबाद रोड पर ग्राम श्यामपुर कांगड़ी में निर्माणाधीन तीन मंजिला भवन सील किया। भवन एक अखाड़ा से जुड़े संत आनंद गिरि का निर्र्माणाधीन आश्रम है। पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई होने से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा है।
28 अप्रैल से कोविड कर्फ्यू लागू है। कर्फ्यू के दौरान शहर में कई जगहों पर अवैध तरीके से निर्माण कार्य हो रहा है। अवैध निर्माण कार्यों की शिकायत पर प्राधिकरण सचिव डॉ. ललित नारायण मिश्रा के निर्देश पर टीम गठित की गई है। बृहस्पतिवार को टीम ने ग्राम श्यामपुर कांगड़ी में तीन मंजिला भवन को सील कर दिया। करीब साढ़े हजार वर्ग फीट से अधिक एरिया में अनाधिकृत तरीके से निर्माण किया जा रहा था। आनंद गिरि श्री निरंजनी अखाड़ा से जुड़े हैं।
टीम में अधिशासी अभियंता माधवानंद जोशी, सहायक अभियंता, एसएस रावत और टीपी नौटियाल आदि मौजूद रहे। नगर कोतवाली क्षेत्र के काशीपुरा मोहल्ला में भी अवैध निर्माण की शिकायत पर प्राधिकरण की टीम पहुंची। वहां पहले से प्राधिकरण ने एक भवन का निर्माण रोका गया था। कोविड कर्फ्यू के दौरान भवन में सैटरिंग हटाई जा रही थी। शिकायत पर टीम पहुंची और भवन स्वामी को चेतावनी दी गई।