हरिद्वार: गंगा मशाल यात्रा का हरकी पैड़ी पर भव्य स्वागत, विभिन्न घाटों पर चलाया स्वच्छता अभियान
विधायक रानीपुर आदेश चौहान ने कहा कि सरकारों की ओर से गंगा को स्वच्छ रखने का अभियान चलते रहते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा उत्तरदायित्व गंगा को स्वच्छ रखने में गंगा के आसपास रहने वाले लोगों का है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गंगा मशाल यात्रा सोमवार को ऋषिकेश से हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पहुंची। रानीपुर विधायक आदेश चौहान, जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय, गंगा सभा के अध्यक्ष प्रदीप झा समेत मां गंगा के भक्तों ने मशाल यात्रा का भव्य स्वागत किया।
विधायक रानीपुर आदेश चौहान ने कहा कि सरकारों की ओर से गंगा को स्वच्छ रखने का अभियान चलते रहते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा उत्तरदायित्व गंगा को स्वच्छ रखने में गंगा के आसपास रहने वाले लोगों का है। आदेश चौहान ने कहा कि जब से मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, नमामि गंगे के तहत गंगा को स्वच्छ रखने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। नदियों को स्वच्छ रखने में जन-सहभागिता की बहुत बड़ी भूमिका है। हर व्यक्ति को गंगा को स्वच्छ रखने का प्रण लेना चाहिए कि हम गंगा की प्रहरी के रूप में सेवा करें।
मेयर अनीता शर्मा ने कहा कि हमें गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाना है। हमें गंगा में कोई भी ऐसी वस्तु नहीं फेंकनी चाहिए, जिससे गंगा प्रदूषित हो, इसके लिये सभी को जागरूक करना है। श्रीगंगा सभा अध्यक्ष प्रदीप झा ने कहा कि प्रदूषण की वजह से नदियों की स्थिति ठीक नहीं है। नदियों के प्रदूषित होने के चार प्रमुख कारण हैं। उद्योगों से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी, सीवरेज का जल, पॉलीथिन और ठोस कचरा।
जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय ने कहा कि वर्ष 1986 में गंगा एवं यमुना एक्शन प्लान लांच हुआ था। तभी से गंगा एवं यमुना को साफ करने का कार्य प्रारंभ हुआ। पिछले चार-पांच वर्षों में इन नदियों को साफ करने के कार्य में काफी तेजी आई है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा दिल्ली से शुरू हुई।
जागरूकता के लिए लघु नाटिका का मंचन
अनन्या भटनागर ने गंगा गीत-तेरा कर्म है, जो तेरे साथ जाएगा, हर-हर गंगे, हर-हर गंगे... एवं तेजपाल सिंह ग्रुप लीडर एवं कलाकारों ने गंगा को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से बनाई गई लघु नाटिका का मंचन किया। गंगा मशाल यात्रा का समापन 26 नवंबर को पश्चिम बंगाल में होगा।
मेजर जोशी कर रहे यात्रा का नेतृत्व
मशाल यात्रा का नेतृत्व दिल्ली से मेजर एलएन जोशी कर रहे हैं। मेजर एलएन जोशी ने कहा कि गंगा मशाल यात्रा के माध्यम से हम नदियों को स्वच्छ रखने का संदेश आम जन तक पहुंचाएंगे। संचालन सचिव रेडक्रॉस डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर उप निदेशक जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार सुनील कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह, एमएनए दयानंद सरस्वती, गंगा विचार मंच के आशीष झा, श्री गंगासभा के जितेंद्र विद्याकुल, मेजर विनीता कुर्ल 31 बटालियन एनसीसी हरिद्वार, डीएफओ नीरज कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सीमा नौटियाल मौजूद रहीं।
विभिन्न घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाया
31 यूके बटालियन एनसीसी हरिद्वार के कमान अधिकारी कर्नल पीएस सिकरवार के नेतृत्व में कैडेट्स ने गंगा मशाल यात्रा के हरिद्वार पहुंचने पर स्वागत किया। इसके बाद 31 यूकेबटालियन एनसीसीके 100 एसडी/एसडब्ल्यूएनसीसी कैडेटों ने गंगा के विभिन्न घाटों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया। इस दौरान बटालियन के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल दीप राना एवं एएनओ मेजर विनिता कुर्ल और कैप्टन राकेश भूटानी समेत कई लोग मौजूद रहे।