अलविदा महाकुंभ 2021: हरिद्वार कुंभ मेले का समापन, अब 12 साल बाद बनेगा योग
- कोरोना संक्रमण बेकाबू होने के कारण महाकुंभ का कोई समापन समारोह नहीं हो सका। अब धर्मनगरी में 12 साल बाद महाकुंभ का योग बनेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना संक्रमण के बीच धर्मनगरी में चल रहा आस्था का महाकुंभ आधिकारिक तौर पर भी संपन्न हो गया। कोरोना संक्रमण बेकाबू होने के कारण महाकुंभ का कोई समापन समारोह नहीं हो सका। अब धर्मनगरी में 12 साल बाद महाकुंभ का योग बनेगा।
महाकुंभ 2021: एक महीने में साढ़े 91 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी, तस्वीरों में देखें झलकियां...
धर्मनगरी हरिद्वार में महाकुंभ के आयोजन पर पिछले साल से ही कोरोना संक्रमण का साया पड़ने की आशंका छाने लगे थी। कोरोना संक्रमण के चलते कुंभ कार्य भी रुक गए थे। सरकार मकर संक्रांति से महाकुंभ का शुभारंभ करने की योजना बना रही थी ताकि चार माह तक महाकुंभ चले और अधिक से अधिक श्रद्धालु आएं, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते महज 30 दिनों के लिए कुंभ कराना पड़ा। सरकार ने एक से 30 अप्रैल तक महाकुंभ की अधिसूचना जारी की थी।
हरिद्वार महाकुंभ 2021 : इतिहास में दर्ज हुआ कोरोना काल का महाकुंभ, हमेशा रखा जाएगा याद
हालांकि अखाड़ों की ओर से मार्च के पहले सप्ताह में ही पेशवाई निकालकर और 11 मार्च को महाशिवरात्रि पर शाही स्नान कर महाकुंभ का आगाज कर दिया गया था। अखाड़ों के तीन शाही स्नान भव्य हुए, लेकिन 27 अप्रैल का अंतिम शाही स्नान कोरोना के कारण सांकेतिक और सादगी के रूप से कराया गया था। शुक्रवार को अधिकारिक रूप से महाकुंभ का समापन हो गया, लेकिन कोरोना के मामले बढ़ने के कारण कोई समापन समारोह आयोजित नहीं किया गया। धर्मनगरी में अब महाकुंभ 2033 में होगा।
मार्च 2033 में बृहस्पति करेंगे कुंभ राशि में प्रवेश
भारतीय प्राच्य विद्या सोसाइटी के अध्यक्ष एवं ज्योतिषाचार्य प्रतीक मिश्रपूरी ने बताया कि देव गुरु बृहस्पति वर्ष 2033 में 17 और 18 मार्च मध्य रात्रि को कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे। तब से कुंभ मेले का प्रारंभ माना जाएगा। ज्योतिष की दृष्टि से 14 अप्रैल 2033 से 14 मई 2033 तक कुंभ रहेगा। 28 फरवरी 2033 को अखाड़े पहला शाही स्नान करेंगे। 30 मार्च को चैत्र अमावस्या का दूसरा शाही स्नान होगा। 14 अप्रैल 2033 को संक्रांति और पूर्णिमा दोनों का स्नान होगा। इस दिन संन्यासी और बैरागी दोनों स्नान करेंगे। एक मई 2033 को अक्षय तृतीया का स्नान होगा।
कुंभ मेला पुलिस लाइन में बना रहेगा आइसोलेशन सेंटर
आईजी कुंभ संजय गुंज्याल ने कहा कि महाकुंभ मेले के दौरान 85 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित हुए थे। अभी 48 पुलिसकर्मी आइसोलेशन सेंटर में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, जिसको लेकर आइसोलेशन सेंटर बनाया जाना चाहिए। लिहाजा कुंभ मेला की अस्थायी पुलिस लाइन में आइसोलेशन सेंटर बना रहेगा।
शुक्रवार को महाकुंभ के विधिवत समापन की घोषणा करते हुए आईजी कुंभ संजय गुंज्याल ने पत्रकारों से ऑनलाइन बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि कुंभ मेले में आए सभी पुलिसकर्मियों का वैक्सीनेशन कराया गया। दूसरी डोज के दौरान 100 के लगभग पुलिसकर्मियों का वैक्सीनेशन नहीं हो पाया। कुछ को एलर्जी थी तो किसी को खांसी और बुखार। वहीं, इस बार किसी भी पुलिसकर्मी को निलंबित नहीं करना पड़ा। इस साल थाने भी कम बनाए गए हैं। प्रतीकात्मक स्नान भी इस बार सफल रहा है। सभी साधु-संतों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को ध्यान में रखते हुए प्रतीकात्मक स्नान किया।