निर्धारित तिथियों पर ही होंगे कुंभ के शाही स्नान: शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम
- जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने मायादेवी की पूजा अर्चना
विस्तार
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने कहा कि 2021 में होने वाले कुंभ में शाही स्नान अपनी नियत और निर्धारित तिथियों पर ही होंगे। यह बात जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज ने वैश्विक महामारी कोरोना से पूरे विश्व को मुक्ति प्रदान करने और सर्वे भवन्तु सुखिन: की कामना के साथ अधिष्ठात्री देवी मायादेवी और नगर कोतवाल श्रीआनंद भैरव की विशेष पूजा अर्चना के बाद कही।
बृहस्पतिवार को जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम जूना अखाड़ा पहुंचे। यहां पहुंचने पर अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक व अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत स्वामी हरिगिरि व श्रीमहंत महेशपुरी ने नागा संन्यासियों के साथ परंपरागत ढंग से उनकी पूजा अर्चना कर स्वागत किया। इसके बाद श्रीमहंत हरिगिरि महाराज के संयोजन में शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम ने महामाया मायादेवी की पूर्ण विधि-विधान से पूजा अर्चना कर कोरोना से मुक्ति तथा कुंभ मेला 2021 को सकुशल संपन्न कराए जाने की प्रार्थना की।
पूजा अर्चना के बाद शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने कहा वर्तमान में विश्व कोरोना से त्रस्त है, जिसका साया हमारे विश्व प्रसिद्व कुंभ मेले पर भी पड़ रहा है। इस भयंकर विपत्ति से बचने और कुंभ मेला पूरी भव्यता के साथ सफलता पूर्वक संपन्न कराए जाने के लिए सभी सनातनी व धार्मिक शक्तियां ईश्वर से प्रार्थना कर रही हैं। उन्होंने कहा जूना अखाडे़ की ओर से भी पूरे देश में सभी शक्ति पीठों व सिद्वपीठों आश्रमों में विशेष अनुष्ठान, यज्ञ व पूजा अर्चना की जा रही है।
कुंभ की व्यवस्थाओं पर किया मंथन
शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने श्रीमहंत हरिगिरि महाराज से कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर विचार-विमर्श किया। श्री महंत हरिगिरि महाराज ने कहा कुंभ मेले की व्यवस्थाओं और उसके स्वरूप को लेकर जगद्गुरु शंकराचार्य महाराज ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। इन सुझावों को निश्चित रूप से अमल में लाया जाएगा। इस अवसर पर कोठारी महंत लाल भारती, कारोबारी महंत महादेवानंद गिरि, थानापति महंत नीलकंठ गिरि, थानापति रणधीर गिरि, पुजारी महंत परमानंद गिरि, विवेक पुरी, महंत रामगिरि आदि मौजूद रहे।