फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Haridwar Kumbh 2021: CM Tirath Singh Rawat will inaugurate Kumbh works today

कुंभ 2021: मुख्यमंत्री ने किया 120 करोड़ के कुंभकार्यों का लोकार्पण, कहा- कुंभ में आने पर कोई रोक-टोक नहीं

Sat, 20 Mar 2021 07:35 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Sat, 20 Mar 2021 07:35 PM IST
विज्ञापन
Haridwar Kumbh 2021: CM Tirath Singh Rawat will inaugurate Kumbh works today
मुख्यमंत्री ने किया कुंभ कार्यों का लोकार्पण - फोटो : अमर उजाला

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शनिवार को चंडी टापू स्थित कुंभ मीडिया सेंटर में 120 करोड़ रुपये की लागत से हुए कुंभ कार्यों का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कुंभ पूरे विश्व की धरोहर है। कुंभ में कोविड-19 को लेकर असमंजस की स्थितियां बनी हुई थी।

विज्ञापन

 

महाकुंभ 2021: आरएसएस के एक हजार स्वयंसेवक संभालेंगे ट्रैफिक व्यवस्था, पुलिस अधिकारी देंगे विशेष प्रशिक्षण

विज्ञापन

 

व्यापारी वर्ग से लेकर आम जन में चिंताएं थी। प्रदेश सरकार ने अनावश्यक रोक-टोक को खत्म कर दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जारी कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करनाजरूरी होगा। श्रद्धालुओं को मास्क पहनने के साथ सैनिटाइजेशन का प्रयोग और शारीरिक दूरी के मानक का पालन करना होगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि दिव्य और भव्य कुंभ के आयोजन के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्ध है। मेले और त्योहार हर साल आते हैं। कुंभ 12 साल में आता है। श्रद्धालु कुंभ स्नान के लिए वर्षों प्रतीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने बाद उन्होंने सबसे पहले कुंभ की हाई पावर कमेटी की बैठक बुलाई।

 

तब उनके मन में एक ही बात थी कि श्रद्धालुओं के मन का भय दूर करना है। इसलिए सभी पाबंदियों का हटाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि स्नान पर उन्होंने पहले संतों पर फूल बरसाए, शाही स्नान के बीच संतों के साथ मां गंगा के चरणों में गया। इसके बाद संतों और श्रद्धालुओं को विश्वास दिलाया कि कुंभ में दौरान श्रद्धालुओं के आगमन पर कोई पाबंदी नहीं होगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक, राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, ज्वालापुर विधायक सुरेश राठोर, गढ़वाल मंडलायुक्त रविनाथ रमन आदि उपस्थित रहे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलेंगी बसे

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी तैयारियां पूरी तर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो श्रद्धालुओं को उसके प्रदेश की सीमा तक भी छोड़ा जाएगा। इससे श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ेगा।

मां गंगा की पूजा-अर्चना की
 

इससे पहले मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत हरकी पैड़ी पर पहुंचे और मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां गंगा से राज्य के विकास और कोरोना संक्रमण के जल्द से जल्द निजात पाने की प्रार्थना की।

कोरोना काल में मनाया जाएगा सबसे बड़ा उत्सव : निशंक

केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि सीएम तीरथ सिंह रावत ने देश को महाकुंभ के दिव्य और भव्य आयोजन पर सकारात्मक संदेश दिया है। ये एक बड़ी चुनौती के साथ खुद को साबित करने का अवसर भी है। आशा है कि श्रद्धालु महाकुंभ में पहुंचकर कोविड नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित स्नान करेंगे। हरिद्वार में कोरोना काल में भी आस्था का सबसे बड़ा उत्सव मनाया जाएगा।

शनिवार को मीडिया सेंटर में आयोजित कुंभ योजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने हरिद्वार पहुंचे केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि कोरोना को लेकर देश के लोग अब जागरूक हो चुके हैं। वे अपेक्षा करते हैं कि महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालु कोविड नियमों का पूरा पालन करेंगे। फिर भी श्रद्धालुओं से अपील है कि वे नियमों का पालन करें। डॉ. निशंक ने कहा कि महाकुंभ के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसी क्रम में 120 करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण किया है।

वर्ष 2010 के कुंभ से नहीं हो सकती तुलना 

डॉ. निशंक ने कहा कि इस समय पूरे विश्व में कोरोना का प्रकोप है। हालांकि, भारत संक्रमण नियंत्रण में विकसित देशों से आगे है। उन्होंने कहा कि हमने प्रभावी कोविड टीका बनाकर पूरे विश्व को चौंका दिया था। कोरोना के चलते उपजे हालात में 2021 के कुंभ की तुलना 2010 के कुंभ से करना गलत होगा। 

‘जमीन से जुड़े नेता हैं तीरथ’

डॉ. निशंक ने कहा कि मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत जमीनी नेता हैं। वे एक सामान्य कार्यकर्ता से पहले विधायक, फिर सांसद और अब मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे हैं। राज्य आंदोलन में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने बताया कि वे अपने देहरादून स्थित आवास से केवल 40 मिनट में हरिद्वार पहुंच गए। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने फोर लेन हाईवे लोकार्पण के कार्यक्रम के दौरान दिल्ली से महज दो घंटे में हरिद्वार पहुंचने की बात कही थी। सरकार ने अपना वादा पूरा किया है। जल्द ही हरिद्वार में रिंग रोड का सपना भी साकार होगा।

‘मुख्यमंत्री ने महाकुंभ को पाबंदी मुक्त किया’

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सीएम तीरथ सिंह रावत ने देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए महाकुंभ को पूरी तरह से पाबंदी मुक्त करने का काम किया है। इससे श्रद्धालु अब कुंभ में स्नान के लिए उत्साहित हैं।

भ्रष्टाचार का अड्डा बन गए थे प्राधिकरण : तीरथ

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि विकास प्राधिकरण भ्रष्टाचार का अड्डा बन गए थे। विकास के नाम पर अधिकारी अपनी जेबें भर रहे थे। इसलिए उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में प्राधिकरणों को ही खत्म कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बरदाश्त नहीं किया जाएगा। 

बैरागी कैंप में दस दिन में सुविधाएं मुहैया कराए प्रशासन

मेलाधिकारी दीपक रावत और मेला आईजी संजय गुंज्याल ने बैरागी कैंप पहुंचकर अखिल भारतीय श्री पंच निर्मोही अणी अखाड़ों में तीनों श्रीमहंतों से मेले की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। संतों ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की उदासीनता के चलते बैरागी कैंप में भूमि आवंटन और अन्य कार्य नहीं हो पाए थे। जिससे संतों के शिविर नहीं लग पाए। उन्होंने मेला प्रशासन से मांग की कि रात-दिन कार्य करवाकर दस दिन के भीतर सुविधाएं मुहैया कराएं। 

श्रीपंच निर्मोही अणी अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्र दास ने कहा कि मेला प्रशासन की ओर से संतों के लिए शिविर, बिजली, पानी, शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। जैसे-जैसे वैरागी संत और खालसे आगमन करते हैं उनको भूमि आवंटित की जाए ताकि संत टेंट लगा सकें। उन्होंने कहा कि मेला प्रशासन को शाही स्नान और बैरागी अखाड़ों की पेशवाई के लिए सड़कों की व्यवस्था ठीक करनी चाहिए। बैरागी कैंप क्षेत्र और तीनों वैष्णव अखाड़ों में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाए। 

अखिल भारतीय श्रीपंच निर्वाणी अणी अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धर्मदास ने कहा कि बैरागी कैंप क्षेत्र में रोजाना पानी का छिड़काव कराया जाए। धूल मिट्टी से बैरागी कैंप क्षेत्र के संत परेशान हैं। संपूर्ण मेला क्षेत्र से अतिक्रमण हटाकर जमीन को समतल कराया जाए। श्रीपंच दिगंबर अणी अखाड़ा के श्रीमहंत राम किशन दास ने कहा कि संतों को सुविधा मुहैया कराने में मेला प्रशासन पहले ही देर कर चुका है। अब दिन-रात कार्य कर मेले से जुड़ी मूलभूत सुविधाएं 10 दिन के अंदर मुहैया कराई जाए। 

मेला अधिकारी दीपक रावत ने कहा कि तीनों वैष्णव अखाड़ों को भूमि आवंटन हो गया। सड़क, बिजली, पेयजल, शौचालय आदि सुविधाएं प्रदान की जा रही है। कुंभ मेला आईजी संजय गुंज्याल ने कहा कि संतों की सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर हैं। इस दौरान जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी अयोध्याचार्य, महंत गौरीशंकर दास, महंत रामशरणदास, महंत रामजीदास, महंत रामकिशोर दास शास्त्री, महंत मनीष दास, महामंडलेश्वर भगवानदास खाकी, महंत मोहनदास खाकी, महंत रामप्रवेश दास, महंत हरिदास, महंत ऋषिकुमार दास, महामंडलेश्वर सरजूदास महात्यागी, महामंडलेश्वर आरीदास, महामंडलेश्वर भैयाजी आदि मौजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed