हरिद्वार: देर रात परिवार को बंधक बनाकर बदमाशों ने डाली डकैती, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश
हरिद्वार के बहादराबाद में हुई डकैती की घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।
विस्तार
हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में सोमवार देर रात बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। बदमाशों ने परिवार के लोगों को बंधक बना लिया और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना पर एसएसपी समेत पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस ने नजदीकी गोदाम के एक चौकीदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
बहादाराबाद से धनौरी जाने वाले रास्ते पर गांव दौलतपुर के पास अमीर हसन की पुराना थर्माकोल गलाने की भट्ठी है। उसके बराबर में ही पानी का प्लांट चलाने वाले संदीप गिरि का मकान है। संदीप मूल रूप से उत्तरप्रदेश का रहने वाले हैं और सात साल पहले ही उसने यहां पर अपना मकान बनाया है। बताया जा रहा है कि भट्ठी के चौकीदार मुकेश को बदमाशों ने पहले तो बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश घर के पीछे आम के पेड़ पर चढ़कर संदीप के घर में घुस गए।
घर में घुसने के बाद बदमाशों ने परिवार के लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया। दूसरे कमरे की चाबी लेकर बदमाशों ने हथियार के बल पर संदीप घर की अलमारी में रखे सोने व चांदी के आभूषण और लाखों रुपये की नकदी लूट ली। इसके बाद बदमाश परिवार वालों को कमरे में ही बंद कर पेड़ से उतरकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हुए। डकैती की घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
आसपास के खेतों में कांबिंग की गई
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास के खेतों में कांबिंग की गई। पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लगी। पुलिस संदीप के परिवारजनों के बताए हुलिये के आधार पर बदमाशों की छानबीन कर रही है। पुलिस ने कई टीमें बनाकर संभावित ठिकानों में ताबड़तोड़ छापामारी शुरू कर दी है। वहीं आभूषणों की कीमत दो लाख से अधिक व नकदी एक लाख से अधिक बताई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज की हो रही जांच
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की भी जांच शुरू कर दी है। थर्माकोल भट्ठी के चौकीदार मुकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिंगर प्रिंट भी लिए
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर फारेंसिंक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया और घटना स्थल से फिंगर प्रिंट समेत कई अन्य सबूत एकत्र करवाए।
घटना की हर पहलु से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिंगर प्रिंट तक की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
- विशाखा अशोक भदाणे, सीओ बहादराबाद