पीएम मोदी की सोच को पूरा करने के लिए देश को जल समृद्ध बनाना जरूरी- गजेंद्र शेखावत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि 70 साल में सरकार जितने घरों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं कर सकी उसके सापेक्ष बीते पांच साल में केंद्र की भाजपा सरकार ने देश के 15 करोड़ ग्रामीण आवासों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर इस लक्ष्य को पूरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र की सत्ता संभालने के बाद काम शुरू किया उनमें लक्ष्य से अधिक और समय से पहले सफलता मिली है।
गंगा दुनिया की सबसे साफ दस नदियों में शामिल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में देवप्रयाग से लेकर ऋषिकेश तक कोई भी व्यक्ति गंगा के पानी की सीधे नदी से लेकर पी सकता है। उन्होंने मिशन मोड में किए गए कार्यों के लिए उत्तराखंड सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने नैनीझील को रिचार्ज करने वाले स्रोतों के खत्म होने पर चिंता जताते हुए कहा कि नैनीझील ने न जाने कितनी पीढ़ियों को पानी दिया होगा लेकिन हमने 50 वर्षों में इसे प्रदूषित कर दिया है।
वहीं, उन्होंने जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग पर चिंता जताते हुए कहा है कि दुनिया भर में इसके दुष्परिणाम नजर आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्राकृतिक संसाधनों को संरक्षित करना है तो मालिक बनकर नहीं बल्कि एक कस्टोडियन बनकर काम करना होगा। बृहस्पतिवार को आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी में पहाड़ों में पीने योग्य पानी की व्यवस्था विषयक दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर पानी की मांग बढ़ रही है तो दूसरी ओर जल संसाधनों में कमी आ रही है।
ऐसे में जरूरी है कि प्रत्येक व्यक्ति प्राकृतिक जल स्रोतों को रिचार्ज करने की रणनीति बनाकर कार्य करें ताकि जल स्रोत खत्म न हों। शेखावत ने वर्षा जल प्रबंधन पर जोर दिया। कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य जल जीवन मिशन योजना के तहत पर्वतीय क्षेत्रों में स्प्रिंग शेड मैनेजमेंट के प्रोटोकॉल को सांझा करना, व्यवस्थित कार्य प्रणाली पर चर्चा एवं निष्कर्ष तथा अनुभवों के आधार पर स्प्रिंग शेड प्रबंधन गतिविधियों के लिए जनता को जागरूक करना व हर घर में नल और हर नल में जल की संकल्पना को साकार करना है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आज नैनीताल जिले के लिए एक अरब रुपये से ज्यादा की योजनाओं की घोषणा की। उन्हाेकहा कि जल जीवन मिशन के लक्ष्य और उद्देश्य व जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभाव बढ़े हैं। इन लक्ष्यों को साढ़े चार साल में पूरा कर लिया जाएगा। उत्तराखंड सरकार ने राज्य के 20 लाख शौचालयों के सिस्टन में बोतलें डालकर प्रतिदिन एक करोड़ लीटर पानी बचाने का अभियान चलाया जो सफल रहा। इसके अलावा अल्मोड़ा में कोसी नदी के तट पर 1.67 लाख, देहरादून में रिस्पना नदी क्षेत्र में 2.5 लाख व हरेला पर 2.24 लाख पौधे लगाए। एटीआई के निदेशक व मुख्यमंत्री के सचिव राजीव रौतेला ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके 22 प्रदेशों के जल प्रबंधन से जुड़े मुखिया, मुख्य अभियंता, हाइड्रोलॉजिस्ट, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता स्तर के 110 अधिकारी मौजूद थे।
विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्रों तक पहुंचाएं योजना का लाभ
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को एटीआई सभागार में जल जीवन मिशन योजना के तहत संचालित कार्यो की समीक्षा की। शेखावत ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थियों वाले क्षेत्रों तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए रणनीति बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2022 तक हर घर में नल और हर नल में जल की परिकल्पना को साकार करने का लक्ष्य रखा है। पेयजल सचिव अरविंद सिंह हयांकी ने कहा कि जल संचय-जीवन संचय योजना के लिए प्रदेश में नैनीताल जिले को चयनित किया था, जिसके तहत जिले में चाल-खाल निर्माण व अन्य उपायों से जनसहभागिता के आधार पर जल संचय का विशेष कार्य किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव एवं आयुक्त राजीव रौतेला, निदेशक स्वजल उदय राज, अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम वीसी पुरोहित, महाप्रबन्धक जल संस्थान डीके मिश्रा, परियोजना अधिकारी स्वजल संतोष उपाध्याय व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम का किया विरोध
वहीं मुख्यमंत्री के पहुंचने से ठीक पहले कांग्रेस ने उनका पुरजोर विरोध किया। कांग्रेस नेता सुमित ह्रदयेश के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर पुलिस ने दर्जनों प्रदर्शनकारी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री वापस जाओ, सस्ती शराब बंद करो, युवाओं को रोजगार देने के नारे लगाए। इस दौरान उन्होंने काले झंडे भी दिखाए।