उत्तराखंड: गुरेज सेक्टर में शहीद राइफलमैन मनदीप सिंह का पार्थिव शरीर लेकर कोटद्वार पहुंची सेना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेना और पुलिस की सुरक्षा में शहीद के पार्थिव शरीर को यहां राजकीय बेस अस्पताल में रखा गया है। बृहस्पतिवार को सैन्य सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार कोटद्वार के मुक्तिधाम में किया जाएगा। शहीद की अंतिम यात्रा के दौरान कोटद्वार बाजार बंद रहेगा।
बुधवार को देहरादून जौलीग्रांट से हैलीकॉप्टर से शहीद मनदीप सिंह के पार्थिव शरीर को शाम करीब छह बजे आर्मी के गबर सिंह कैंप लाया गया। शाम होने के कारण परिजनों के अनुरोध पर शहीद के पार्थिव शरीर को उसके घर के बजाय राजकीय बेस अस्पताल में लाया गया। यहां इमरजेंसी वार्ड में डी-फ्रीजर की व्यवस्था कर शहीद के शरीर को सुरक्षित रखा गया।
सैनिक सम्मान के साथ होगा शहीद मनदीप का अंतिम संस्कार
शहीद का पार्थिव शरीर कोटद्वार पहुंचने की सूचना मिलते ही लोग शहीद के अंतिम दर्शनों के लिए अस्पताल की ओर चल पड़े, देखते ही देखते अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। गढ़वाल राइफल्स के जवान के पार्थिव शरीर को आर्मी वाहन से उतारकर अस्पताल के अंदर ले गए। पुलिस ने लोगों को अस्पताल के अंदर नहीं जाने दिया।
कोटद्वार के एसडीएम कमलेश मेहता ने बताया कि शहीद के पार्थिव शरीर को सेना और पुलिस की सुरक्षा में अस्पताल में रखा गया है। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे शहीद को उसके घर ले जाया जाएगा। घर पर परिजनों के अंतिम दर्शन करने के बाद कोटद्वार के मुक्तिधाम में सैनिक सम्मान के साथ शहीद मनदीप का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उधर, नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने बताया कि शहीद की अंतिम यात्रा के दौरान शहीद के सम्मान में बाजार बंद रखा जाएगा। शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार देर शाम जिले के आलाधिकारी भी कोटद्वार पहुंच गए हैं।