पहाड़ी महिलाओंं की बहादुरी, पुलिस हिरासत से फरार अपराधी को पकड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जो मुल्जिम पुलिस की हिरासत से हथकड़ी समेत भाग निकला था, उसे गुरना की चार महिलाओं ने न सिर्फ जंगल से खदेड़ा बल्कि उसे पुलिस को भी सौंपा। पुलिस अब इन महिलाओं को सम्मानित करेगी।
गंगोलीहाट, भुल्यूड़ा निवासी प्रकाश लाल सोमवार रात पिथौरागढ़ लाते वक्त गुरना मंदिर के पास से पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी समेत फरार हो गया था। प्रकाश पर पत्नि और बहनों से मारपीट करने का आरोप है।
यहां से भागकर यह आरोपी गुरना से एक किलोमीटर दूर कोट की धार के जंगल में छिप गया। बुधवार को भारती भट्ट, दीपा भट्ट, सरोज भट्ट और निर्मला इस जंगल में घास काटने पहुंची। यहां इन महिलाओं ने प्रकाश को बैठे हुए देखा।
महिलाएं यदि साहस नहीं दिखाती तो आरोपी पकड़ में नहीं आता
प्रकाश के हाथ में हथकड़ी लगी देखकर महिलाओं की समझ में माजरा आ भी गया। महिलाओं ने साहस का परिचय दिया और दरांतियां दिखाकर प्रकाश लाल को घेर लिया।
महिलाओं ने न सिर्फ प्रकाश को भागने नहीं दिया, बल्कि उसे घेरकर गुरना कस्बे तक पहुंचाया। गुरना में पैरालीगल वालियंटियर हीरा सिंह और स्थानीय निवासी जमन सिंह ने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा को दी। मौके पर पहुंचे सीओ हिमांशु साह और कोतवाली पुलिस ने प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने कहा कि फरार आरोपी को पकड़ने वाली महिलाओं और स्थानीय लोगों को पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में सम्मानित किया जाएगा। एसपी ने बताया कि प्रकाश के खिलाफ पहले से ही धारा 151, 107 /116 में मुकदमा दर्ज है।
अब उसके खिलाफ अभिरक्षा से भागने के आरोप में नया मुकदमा दर्ज होगा। गुरना की जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी भट्ट और समाजसेवी राजेंद्र भट्ट ने कहा कि महिलाएं यदि साहस नहीं दिखाती तो आरोपी पकड़ में नहीं आता।