आज दून पहुंचेंगे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, यहां रहेगा रूट डायवर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी आज राजधानी में होंगे। यहां वह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
आईजीएनएफए में दीक्षांत समारोह की तैयारियां बृहस्पतिवार को पूरी कर ली गईं। समारोह में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी करीब 12:30 बजे पहुंचेंगे। एफआरआई की मुख्य इमारत में दीक्षांत समारोह में मेधावियों को पुरस्कृत करने के बाद राष्ट्रपति दोपहर करीब 1:30 बजे यहां से प्रस्थान करेंगे।
समारोह में सिविल सेवा की आईएफएस परीक्षा पास कर ट्रेनिंग लेने वाले 45 भारतीय और दो भूटान के युवा पासआउट होकर वन अधिकारी बनेंगे। इसके साथ ही आईजीएनएफए से पासआउट होने वाले मित्र राष्ट्रों के अधिकारियों की संख्या 345 हो जाएगी। दीक्षांत समारोह में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे भी शामिल होंगे। वह युवा अफसरों को संबोधित करेंगे।
12 एसपी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की सुरक्षा की जिम्मेदारी 12 एसपी के अलावा तमाम अधिकारियों को दी गई है। राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों के मद्देनजर दून पुलिस ने रिहर्सल कर तैयारियों को पुख्ता किया। रिहर्सल की वजह से काफी देर तक रूट डायवर्ट रहा। बाकायदा जीटीसी हेलीपैड से फ्लीट एफआरआई तक गई।
राष्ट्रपति की सुरक्षा में 12 पुलिस अधीक्षक, 16 पुलिस उपाधीक्षक, 26 थानाध्यक्ष, 153 दारोगा, तीन महिला दारोगा, 49 हेड कांस्टेबल, नौ कंपनी पीएसी के अलावा सशस्त्र पुलिस के छह मुख्य आरक्षी, 40 आरक्षी, यातायात पुलिस के सात निरीक्षक, सात उपनिरीक्षक, 21 मुख्य आरक्षी और 41 आरक्षी मुस्तैद रहेंगे।
यहां रहेगा रूट डायवर्ट
राष्ट्रपति का संभावित प्लान
सुबह 11:35 बजे : दून एयरपोर्ट, जौलीग्रांट पर आगमन
सुबह 11:45 बजे : जौलीग्रांट से जीटीसी हेलीपैड के लिए प्रस्थान
दोपहर 12:15 बजे : जीटीसी हैलीपैड पर आगमन
दोपहर 12:30 बजे : एफआरआई की मुख्य बिल्डिंग में आगमन
दोपहर 1:30 बजे : एफआरआई से राजभवन के लिए प्रस्थान, रात्रि विश्राम
यहां रहेगा रूट डायवर्ट
1. विजय कॉलोनी पुल से कोई भी वाहन एनेक्सी तिराहे की तरफ नहीं जाएगा।
2. सर्किट हाउस चौकी से वाहन न्यू कैंट हाउस और सीएसडी कैंटीन तिराहे की ओर नही जाएंगे।
3. दून स्कूल तिराहा और तेल भवन कट से जीटीसी हेलीपैड की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
4. डाकरा बाजार गेट महिंद्रा ग्राउंड से 200 मीटर पहले वाहनों को रोक दिया जाएगा।
5. एमएच डाकरा कट से वाहन सीएसडी कैंटीन तिराहे की ओर नहीं जाएंगे।
6. टपकेश्वर मंदिर कट से कोई भी वाहन कैंट चौराहे की ओर नहीं जाएगा।
7. डाकरा बाजार, गढ़ी कैंट, सूरज टावर की ओर से कोई भी वाहन नहीं आएगा।
8. निंबूवाला रोड, गुरुंग ट्रेडर्स से कोई भी वाहन कैंट चौराहे की तरफ नहीं जाएगा।
9. अंबेडकर स्टेडियम से कौलागढ़ चौक की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
10. एफआरआई के पिछले गेट की ओर से कौलागढ़ की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा।
11. बल्लूपुर फ्लाईओवर और किशन नगर से कोई भी वाहन एफआरआई की ओर नहीं जाएंगे।