हेमकुंड साहिब यात्रा को सुगम व सरल बनाने के लिए निकाला नया रास्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हेमकुंड साहिब यात्रा को सुगम व सरल बनाने के लिए गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने नया रास्ता निकाल लिया है।
गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से वैष्णो देवी यात्रा की तर्ज पर यहां गोल्फ कार चलाने की योजना तैयार की गई है। योजना के मुताबिक पहले चरण में घांघरिया से हेमकुंड तक छह किमी मार्ग के सुधारीकरण के बाद गोल्फ कार संचालन का ट्रायल किया जाएगा।
ट्रायल सफल रहा तो कुल 16 किमी मार्ग तक कार संचालित होगी। इसके लिए गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से पर्यटन मंत्री को प्रस्ताव सौंप दिया गया है। इस पर महाराज ने सहमति जताई है। कमेटी का कहना है कि इस काम में करीब दो साल लग जाएंगे।
हेमकुंड साहिब यात्रा का मुख्य पड़ाव गोविंदघाट है। यहां से पुलना तक तीन किमी वाहन से और यहां से हेमकुंड साहिब तक 16 किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ती है। यहां खड़ी चढ़ाई होने के कारण बुजुर्ग और असहाय तीर्थयात्री हेमकुंड साहिब की यात्रा नहीं कर पाते हैं।
हेमकुंड साहिब तक छह किमी यात्रा मार्ग पर चार सीटर गोल्फ कार चलाने की योजना
इसको देखते हुए हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने घांघरिया से हेमकुंड साहिब तक छह किमी यात्रा मार्ग पर चार सीटर गोल्फ कार चलाने की योजना बनाई है। योजना को लेकर अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को प्रस्ताव सौंप दिया है।
अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा का कहना है कि हेमकुंड यात्रा के पैदल मार्ग पर गोल्फ कार के संचालन को लेकर पर्यटन मंत्री ने सहमति जताई है। पहले चरण में घांघरिया से हेमकुंड तक कार संचालित की जाएगी।
इसके लिए पहले पैदल रास्ते का सुुधारीकरण कार्य किया जाएगा। इसके बाद कार संचालन का ट्रायल होगा। ट्रायल सफल रहा तो संपूर्ण 16 किमी के पैदल रास्ते पर गोल्फ कार का संचालन होगा। इससे पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। बैटरी से चलने के कारण प्रदूषण नहीं होगा।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
योजना के मुताबिक गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से स्थानीय युवाओं को गोल्फ कार उपलब्ध कराई जाएगी। जून से जुलाई माह तक हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर तीर्थयात्रियों का रैला उमड़ता है। गोविंदघाट गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह का कहना है कि गोल्फ कार संचालन से तीर्थयात्रियों को सहूलियत होगी वहीं, युवा अच्छी आमदनी अर्जित कर सकते हैं।