शोहदों के डर से छात्रा ने कॉलेज जाना छोड़ा, शारीरिक संबंध न बनाने पर दी थी तेजाब फेंकने की धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के रुड़की में मंगलौर क्षेत्र की बीए की छात्रा ने शोहदों के डर से कॉलेज जाना बंद कर दिया है। आरोप है कि गांव के पास के ही दो युवक उसे पिछले एक साल से परेशान कर रहे हैं। अपहरण की कोशिश में असफल होने के बाद दोनों शारीरिक संबंध न बनाने पर तेजाब फेंकने और परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र की बीए की एक छात्रा बृहस्पतिवार को परिजनों के साथ एसपी देहात कार्यालय पहुंची। छात्रा ने बताया कि कॉलेज आते-जाते समय पास के गांव के दो युवक उसे पिछले एक साल से परेशान कर रहे हैं।
एक दिन कॉलेज जाते वक्त रास्ते में दोनों युवकों ने उसे रोककर तमंचे के बल पर अपहरण करने की कोशिश की, शोर मचाने पर दोनों भाग गए। इसके बाद एक दिन दोनों ने छात्रा को रास्ते में रोककर जबरन नशीला पदार्थ खिला दिया और मोबाइल से अश्लील फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दी, जिसके बाद से उसने कॉलेज जाना बंद कर दिया।
आरोप है कि अब दोनों छात्रा को फोन कर बात न मानने पर चेहरे पर तेजाब डालने और परिवार समेत जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोपी उसकी शादी न होने देने और परिवार को गांव से भगा देने की भी धमकी दे रहे हैं।
मंगलौर पुलिस ने नहीं की कार्रवाई!
छात्रा ने बताया कि उसने 13 जनवरी को मंगलौर कोतवाली में दोनों के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज करने की बजाय दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया। वहीं, एसपी देहात नवनीत सिंह का कहना है कि मंगलौर पुलिस से मामले की जानकारी ली जाएगी। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि मंगलौर पुलिस पर लगे लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जाएगी।