सेल्फी की 'सनक' में गई दोस्तों के साथ घूमने आई लड़की की जान
माल देवता के पास मंगलवार को सेल्फी लेते समय एक युवती की सोंग नदी में गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने हादसा बताकर शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
शहर के मोहब्बेवाला निवासी ममता (24) ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कॉल सेंटर में नौकरी करती थी। मंगलवार को काल सेंटर का 13 सदस्यीय ग्रुप माल देवता घूमने गया था।
इनमें आठ लड़कियां और पांच लड़के शामिल थे। नदी किनारे के मनोहारी दृश्यों को हर कोई कैमरे में उतार रहा था।
संतुलन बिगडा और वह नदी में गिर गई
ममता भी सोंग नदी के किनारे सेल्फी लेने लगी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगडा और वह नदी में गिर गई। तेज बहाव होने के कारण ममता बहती चली गई थी।
ममता के साथियों ने नदी में कूदकर उसे बाहर निकाल लिया। नाजुक हालत में उसे अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एसओ राजपुर राजेश शाह ने बताया कि ममता के साथियों ने बताया कि सेल्फी लेते समय यह अनहोनी हुई है। परिजनों ने हादसा बताकर शव का पीएम नहीं कराया है।