लव मैरिज से गुस्साए परिजनों ने दामाद का पीट-पीटकर किया बुरा हाल, बेटी को लेकर हुए फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रेम विवाह से गुस्साए ससुरालियों ने दामाद की पिटाई कर दिनदहाड़े बेटी को वहां से लेकर फरार हो गए। जान बचाकर कोतवाली पहुंचे पीड़ित युवक ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
युवक के अनुसार उसने करीब तीन माह पहले युवती के परिजनों की मर्जी के बिना प्रेम विवाह किया था। गंगनहर कोतवाली पहुंचे युवक ने पुलिस को बताया कि वह लुधियाना निवासी है। दो साल पहले लंढौरा क्षेत्र की युवती लुधियाना अपने एक रिश्तेदार के यहां गई थी।
उस दौरान उसकी युवती से जान पहचान हो गई। दोनों में बातचीत हुई तो उनमें प्यार हो गया। इसके बाद दोनों ने अपने परिजनों के सामने विवाह करने का प्रस्ताव रखा। इस पर दोनों के परिजनों ने शादी करने से इनकार कर दिया था।
परिजनों के विरोध के बावजूद दोनों ने तीन माह पूर्व मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद दोनों लुधियाना में ही रहने रहे। इसी बीच कुछ दिन पहले ससुरालियों ने फोन पर संपर्क कर बातचीत करनी शुरू कर दी।
युवती के परिजनों ने उन दोनों को राजी खुशी अपनाने के लिए हामी भी भर दी। पीड़ित युवक ने बताया कि हाल ही में ससुरालियों ने फोन कर बेटी से मिलने की इच्छा जाहिर की। ससुरालियों के झांसे में आकर वह पत्नी को लेकर सोमवार दोपहर रुड़की रेलवे स्टेशन पर पहुंचा।
रेलवे स्टेशन पहुंचने पर पत्नी के परिजनों ने उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट करनी शुरू कर दी। शोर मचाने पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ती देख ससुराल के लोग उसकी पत्नी का अपहरण कर गाड़ी में बैठाकर ले गए।
साथ ही पीछा करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। एसएसआई रणजीत सिंह तोमर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पूछताछ में पता चला है कि युवक और युवती ने प्रेम विवाह किया था। प्रेम विवाह करने पर युवती के परिजन नाराज थे।