रुड़की: बहन ने डेढ़ साल पहले की लव मैरिज, जेल से रिहा होने के बाद अब भाई दे रहा गोली मारने की धमकी
- डेढ़ साल पहले बहन के प्रेम विवाह से नाराज है गैंगस्टर भाई
- पीड़ित बहन ने भाई से जताया जान का खतरा, पुलिस से की शिकायत
विस्तार
हरिद्वार जिले के रुड़की में बहन के प्रेम विवाह करने पर गैंगस्टर भाई ने उसे व उसके पति को गोली मारकर जान से मारने की धमकी दी है। बहन व उसके पति ने जानमाल का खतरा जताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। साथ ही मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी एक युवती का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। डेढ़ साल तक प्रेम प्रसंग चलने के बाद दोनों ने अपने-अपने परिजनों की बिना मर्जी के ही मुजफ्फरनगर के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी।
प्रेम विवाह करने पर युवक के परिजनों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया था। तभी से दोनों रामनगर में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे।
इस बीच युवती का भाई भी जेल से छूटकर बाहर आ गया। जब उसे इस बात का पता चला तो वह भड़क गया। मंगलवार को सिविल लाइंस कोतवाली पहुंची युवती ने बताया कि उसका भाई एक बदमाश के लिए काम करता है और कई बार जेल जा चुका है।
वह उसके प्रेम विवाह करने से नाराज है और उसने उसे व पति को गोली मारने की धमकी दी है। युवती ने अपने भाई से जानमाल का खतरा जताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों को अगर सुरक्षा चाहिए तो मुहैया कराई जाएगी। इस बाबत युवती के भाई से पूछताछ की जाएगी।