बारिश-भूस्खलन से गंगा में भारी मात्रा में बढ़ी सिल्ट, बंद कराई गई गंगनहर
उत्तराखंड में पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश और भूस्खलन से गंगा में सिल्ट की मात्रा बढ़ने के चलते हरिद्वार से निकलने वाली गंगनहर को बंद कर दिया गया है। गंगा में सिल्ट की मात्रा सात हजार पीपीएम (पार्ट्स पर मिलियन) पार कर गई है।
गौरतलब है कि पहाड़ों पर बृहस्पतिवार देर रात से तेज बारिश हो रही है। इसके साथ ही कई जगह बादल फटने और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। जिसके चलते गंगा में सिल्ट की मात्रा तेजी से बढ़ रही है।
शनिवार सुबह जब हरिद्वार में गंगा का पानी 112000 क्यूसेक से अधिका पहुंचा तो सिल्ट की मात्रा 7500 पीपीएम (पार्ट्स पर मिलियन) तक पहुंच गई।
पूरी क्षमता से चलाया सिल्ट इजेक्टर, नहीं कम हुई मात्रा
इसके बाद सिल्ट इजेक्टर को पूरी क्षमता से चलाया गया फिर भी गंगनहर जाने वाले पानी में सिल्ट की मात्रा कम नहीं हुई। पानी में सिल्ट की बढ़ी मात्रा देख उत्तरी गंगनहर के इंजीनियरों ने गंगनहर को हैंडवर्क्स से बंद कराने की प्रक्रिया शुरू की।
इसके बाद गंगनहर को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। बता दें कि गंगनहर को हैंडवर्क्स से बंद करने की प्रक्रिया तब ही शुरू की जाती है जब गंगा में पानी दो लाख क्यूसेक के ऊपर पहुंच जाए या सिल्ट की मात्रा सात हजार पीपीएम से अधिक हो जाती है।
Published By: Vivek Singh