हरदोई में रेल हादसे में कर्मचारियों की मौत को लेकर हरिद्वार में उबाल, हड़ताल पर बैठे 2700 गैंगमैन
हरदोई में हुए दर्दनाक रेल हादसे को लेकर हरिद्वार में रेलवे कर्मचारियों में उबाल बना हुआ है। रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे कर्मचारियों की ट्रेन से कट जाने के विरोध में मंगलवार सुबह से ही 2700 गैंगमैन ने हड़ताल शुरू कर दी है।
कर्मचारी सुबह से ही रेलवे ट्रैक पर बैठकर नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि जब तक इस मामले में उच्च स्तरीय जांच नहीं होगी और दोषियों को सजा नहीं होगी तब तक वे हड़ताल से नहीं हटेंगे।
बता दें कि, सोमवार को हरदोई के संडीला और उमरताली रेल परिपथ के बीच ट्रेन से कटकर 4 गैंगमैन की मौत हो गई थी। यह हादसा उस समय हुआ जब गैंगमैन पटरी पर काम कर रहे थे। इस घटना के बाद से रेलवे में हड़कंप मच गया।
घटना सोमवार दोपहर 12 के आसपास की है। चारो गैंगमैन ट्रैक की मरम्मत का काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां ट्रेन आ गई। इस घटना के बाद से रेलवे की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।