नम आंखों से दी शहीद को आखिरी विदाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गढ़वाल राइफल के सूबेदार अजय वर्धन तोमर जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा-नौगाम सेक्टर में शहीद हो गए थे। सेना की टुकड़ी बृहस्पतिवार देर रात शव लेकर माजरी माफी स्थित आवास पर पहुंची। शुक्रवार सुबह नौ बजे पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।
राज्यपाल अजीज कुरैशी ने शहीद को पुष्पचक्र अर्पित किया। परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए प्राणों का बलिदान करना देवभूमि की परपंरा रही है, जिसे तोमर ने आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शहीद के परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, कैंट विधायक हरबंस कपूर, रायपुर विधायक उमेश काऊ, मसूरी विधायक गणेश जोशी, डोईवाला विधायक हीरा सिंह बिष्ट, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, प्रमुख सचिव गृह एमएच खान, मुख्य सचिव एन रविशंकर, डीएम चंद्रेश यादव, एसएसपी अजय रौतेला समेत सैकड़ों लोगों ने तोमर की शहादत को याद करते हुए अंतिम विदाई दी। गढवाल राइफल्स की टुकड़ी ने शहीद सूबेदार तोमर को अंमित सलामी दी। इसके बाद अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हो गई।
आतंकियों को जांबाजी से दिया जवाब
पार्थिव शरीर लेकर आई टीम में शामिल गढवाल राइफल के जवान सताब सिंह ने बताया कि अजय वर्धन तोमर बेहद मिलनसार थे। नौगाम में मुठभेड़ के दौरान तोमर ने आतंकियों को जांबाजी से जवाव दिया। मुकाबला करते हुए वह शहीद हो गए।
बिलखती रहीं मां, पत्नी, बेटी
सूबेदार अजय वर्धन तोमर का पार्थिव शरीर को देखकर मां हीरा देवी और पत्नी लक्ष्मी देवी की हालत बिगड़ गई। दोनों की आंखों से आंसू झरते रहे। अंतिम यात्रा शुरू हुई तो मां बेटे के शव से लिपट पड़ी। लोगों ने किसी तरह उन्हें संभाला।
बेटी भूमिका भी पिता का शव देख बिलख पड़ी। परिजनों ने उसे दिलासा दी। बेटा अक्षत पिता को श्रद्धांजलि देने के बाद अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार रवाना हो गया।