फॉरेस्ट गार्ड भर्ती: पानी की टंकी पर चढ़े दो प्रदर्शनकारी, घंटो चला ड्रामा, मुकदमा दर्ज
- जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही परीक्षा पर लिया जाएगा निर्णय
- निरस्त हुई तो लंबी कानूनी प्रक्रिया में फंस जाएगी भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फारेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा निरस्त किए जाने समेत छह सूत्री मांगों के लिए पिछले कई दिनों से परेड ग्राउंड में धरना प्रदर्शन कर रहे उत्तराखंड बेरोजगार संघ के सदस्य सोमवार को उग्र हो गए। मांगों का संज्ञान न लेने के विरोध में संघ के दो सदस्य सुबह करीब 11 बजे पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए।
इस दौरान एक प्रदर्शनकारी ने कूदने का प्रयास भी किया, लेकिन दूसरे साथी ने उसे बचा लिया। इस पर दोनों प्रदर्शनकारियों में टंकी पर ही मारपीट हो गई। सूचना पर आनन फानन में मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों को नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक सफलता नहीं मिली। उधर टंकी पर चढ़े दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने डालनवाला थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टंकी पर चढ़े प्रदर्शनकारी बाबी पंवार और पीसी पंत को उतारने के लिए डीआईजी/एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने मौके पर एसडीआरएफ के साथ अग्निशमन कर्मचारियों को मौके पर भेजा। पीसी पंत की ओर से बार-बार कूदने का नाटक किए जाने से चिंतित अधिकारियों ने एसडीआरएफ की मदद से टंकी के नीचे एक जाल लगाया। ताकि उसे सुरक्षित बचाया जा सके। लेकिन वह नहीं कूदा।
इनके अलावा संघ के अन्य प्रदर्शनकारियों ने सरकार और शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि सरकार पूरे प्रकरण को दबाने में जुटी है। साथ ही इसमें लिप्त अधिकारियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर मौजूद एसपी सिटी श्वेता चौबे, एसडीएम गोपाल बिनवाल आदि अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाते रहे। लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।
टूटती रेलिंग तो होती बड़ी घटना
टंकी से कूदने को लेकर बाबी पंवार और पीसी पंत के बीच कई बार मारपीट हुई। पीसी पंत बार-बार टंकी से कूदने की धमकी देता रहा। उसने टंकी से कूदने की कोशिश की। लेकिन बाबी ने उसे पकड़ लिया। इस पर पीसी पंत ने बाबी के साथ मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद अधिकारियोें को रेलिंग टूटने का डर सताता रहा। गनीमत रही कि रेलिंग टूटी नहीं वरना बड़ा हादसा हो जाता।
टंकी पर चढ़े युवकों और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज
टंकी पर चढ़कर नारेबाजी करते हुए आत्महत्या की धमकी देने वाले बॉबी पंवार ओर पीसी पंत के खिलाफ थाना डालनवाला में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा सहायक अभियंता जल संस्थान की तहरीर के बाद दर्ज किया गया। तहरीर में उक्त युवकों पर जल संस्थान में घुसकर पानी की टंकी में चढने, वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने, और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया गया है। डीआईजी/एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने कहा, लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सबको है। लेकिन, जिस तरीके से टंकी पर चढ़कर कानून को हाथ में लेने की कोशिश दो प्रदर्शनकारियों ने की है वह जायज नहीं है। कानून को अपने हाथ में लेने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह है प्रमुख मांगें
-फारेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा निरस्त करने के साथ ही 100 दिन के भीतर दोबारा परीक्षा कराई जाए।
-अधीनस्थ सेवा आयोग अध्यक्ष, सचिव, परीक्षा नियंत्रक से इस्तीफा लिया जाए।
-प्रदेश में विभिन्न विभागों में खाली 18000 पदों पर जल्द भर्ती की जाए।
-पिटकुल, यूपीसीएल में जेई के खाली 252 पदों पर भर्ती परीक्षा जल्द कराई जाए।
-अपर निजी सचिव की मुख्य परीक्षा से वंचित 2043 अभ्यर्थियोें को शामिल किया जाए।
-लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से हर साल वार्षिक कलेेंडर जारी किया जाए।