आज से देहरादून-पंतनगर के बीच करें हवाई सफर, पिथौरागढ़ के लिए 10 जनवरी से नियमित उड़ान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उड़ान योजना के तहत देहरादून से पंतनगर के बीच शुक्रवार (आज) से सीधी हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। वहीं, पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू करने के लिए डीजीसीए की टीम शुक्रवार को ही नैनी सैनी हवाई पट्टी तक नौ सीटर विमान से ट्रायल लेगी। ट्रायल सफल रहने पर पिथौरागढ़ के लिए 10 जनवरी से हवाई सेवा शुरू हो सकती है।
सस्ती दरों पर आम लोगों को हवाई सेवा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने उड़ान योजना शुरू की है। योजना के पहले चरण में शुक्रवार से देहरादून-पंतनगर हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। दोपहर तीन बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से उड़ान भरकर 50 मिनट में विमान पंतनगर एयरपोर्ट पहुंच जाएगा।
इसके साथ ही देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू करने के लिए डीजीसीए के अधिकारी, पायलट, सह पायलट नौ सीटर विमान से नैनी सैनी हवाई पट्टी तक लैंडिंग व टेक आफ का ट्रायल लेंगे।
अपर सचिव नागरिक उड्डयन विभाग आर. राजेश कुमार का कहना है कि शुक्रवार से देहरादून से पंतनगर और पंतनगर से देहरादून के लिए हवाई सेवा शुरू होगी। डीजीसीए की टीम शुक्रवार को ही पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा का ट्रायल लेगी।
नैनी सैनी हवाई पट्टी पर डीजीसीए की ओर से कुछ आपत्तियां जताई गई थी। जिसे दूर करने के बाद ट्रायल लिया जा रहा है। ट्रायल में सफलता मिलती है तो 10 जनवरी से पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू हो सकती है।