'राम के नाम पर की राजनीति, अब गंगा के नाम पर कर रहे गुमराह'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे मिशन-2017 के लिए कमर कसकर तैयार हो जाएं। उत्तराखंड में अगली सरकार भी कांग्रेस की ही बनेगी। राज्य में कांग्रेस सरकार धरातल पर काम कर रही है।
देश और प्रदेश की जनता मोदी सरकार की असलियत जान चुकी है। प्याज और दालों की कीमत ने केंद्र की महंगाई कम करने के वायदे की पोल खोलकर रख दी है। कहा कि भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वाले अब मां गंगा के नाम पर देशवासियों को गुमराह कर रहे हैं। उत्तराखंड की जनता उपचुनाव में ही मोदी का रथ रोक चुकी है।
प्रदेश अध्यक्ष उपाध्याय शुक्रवार को कोटद्वार विधानसभा के कांग्रेस कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। गोविंदनगर के एक वेडिंग प्वाइंट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उपाध्याय ने कहा कि संगठन तभी शक्तिशाली होता है, जब नए लोग उससे जुड़ें। कहा कि युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने के लिए पार्टी का सदस्यता कार्यक्रम चल रहा है। हर पोलिंग बूथ पर दो सक्रिय सदस्य बनाए जा रहे हैं। दायित्वधारी 50 सक्रिय सदस्य बनाएंगे।
अच्छे दिन के वादे हुए हवाहवाई
प्रदेश के सह प्रभारी संजय कपूर ने भी केंद्र की मोदी सरकार पर प्रहार किए। कहा कि मोदी के अच्छे दिन लाने के दावे हवाहवाई हो चुके हैं। कालाधन, महंगाई, भूमि अधिग्रहण, रोजगार के मुद्दे पर मोदी सरकार सवालों के घेरे में हैं।
स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कहा कि केंद्र से सहयोग न मिलने के बावजूद हरीश रावत सरकार बेहतर काम कर रही है। कार्यक्रम में राजपाल सिंह, राजेंद्र शाह, जगमोहन सिंह नेगी, बलराम सिंह नेगी, संजय मित्तल आदि मौजूद थे। संचालन कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक बडोला ने किया।
कांग्रेसियों की भीड़ देख किशोर गदगद
कांग्रेस कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में पूरे विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं की भीड़ देख कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और प्रदेश के सहप्रभारी संजय कपूर गदगद हो उठे।