दिवाली की खुशियों पर लगा ग्रहण, कई जगह मचा आग का तांडव, सारा सामान जलकर खाक
दिवाली की रात आतिशबाजी के बीच नौ स्थानों पर लगी आग में लाखों का माल स्वाह हो गया। इनमें पांच दुकानें और एक मकान शामिल है। कहीं आग का कारण शार्ट सर्किट तो कहीं पटाखे की चिंगारी रहा हैं।
देर रात बड़ी आग डिस्पेंसरी रोड स्थित गारमेंट्स की दुकान में लगी, जहां कई लाख का कपड़ा जलकर राख हो गया। फायर कर्मियों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाकर आसपास की दुकानों को सुरक्षित किया।
दीपावली की रात फायर कर्मियों की टीम आग की सूचनाओं पर इधर से उधर दौड़ती रही। देर रात डिस्पेंसरी रोड स्थित डोरा फैशन प्वाइंट में आग लगने से अफरातफरी मच गई। चौकीदार को दुकान से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया तो मालिक को उसकी सूचना दी। कुछ देर बाद ही फायर कर्मी और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर आ गई, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
बाजार में आग की खबर मिलते ही व्यापारियों का जमघट लग गया। पहले तो आग बुझाने में दिक्कत हुई। बाद में दुकान का बाहरी हिस्सा तोड़कर आग को बुझाने के प्रयास किए। आग की लपटों में आसपास की दुकानों के आने के कारण व्यापारी करीब पौने घंटे के प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखा हुआ लाखों का कपड़ा पूरी तरह जल गया था।
आग की लपटों में आसपास के दुकानों के भी आने की आशंका थी, लेकिन समय रहते आग को बढ़ने से रोक लिया गया। आग का कारण साफ नहीं हो पाया। अग्निशमन अधिकारी द्वितीय राय सिंह राणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग का कारण शार्ट सर्किट लग रहा हैं।
कपड़ों की दुकान में आग लगने की दूसरी घटना सरस्वती विहार चौक पर सुभाष भट्ट की दुकान की है। यहां आग से काफी नुकसान हुआ है। यहां भी दमकल कर्मचारियाें ने आग पर काबू पाया है। भट्ट का कहना है कि आग में 90 प्रतिशत माल जल गया है। फायर कर्मियों का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि आग दुकान में जलाए गए पूजा के दीएं से लगी हैं।
उधर अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आईएमए ब्लड बैंक के पास नत्थू स्वीट्स, लाल पुल स्थित कूडे़ के ढे़र, इंद्रेश अस्पताल के पास लकड़ी के गोदाम, सैय्यद मोहल्ला स्थित एक मकान, दर्शनी गेट स्थित पत्ता स्टोर, नगर निगम के पास लकड़ी के गोदाम, संजय कालोनी स्थित एक दुकान में आग लगने की सूचना पर टीम भेजी गई थी। त्वरित कार्रवाई कर आग पर काबू पा लिया गया। कहीं आग आतिशबाजी तो कहीं शार्ट सर्किट से लगी हैं।
वहीं दूसरी ओर रानीखेत के मानिला बाजार में भी एक दुकान में आग लग गई। आग लगने का कारण राशन की दुकान में बनाए गए मंदिर में जलता दीया माना जा रहा है। बताया जा रहा है दुकान के बराबर में ही दुकानदार का घर भी है। उन्होंने दुकान के मंदिर में दिया रखा और रखकर बाहर चले गए।
इसके बाद दीपक की लौ से दुकान में आग लग गई। इस दौरान सड़क पर अतिशबाजी कर रहे लोगों ने खीम सिंह की दुकान के अंदर से धुंआ निकलते देखा। सूचना मिलते ही लोगों ने जैसे-तैसे कर दुकान का शटर उठाया। इसके बाद बिजली बंद की गई और आग पर काबू पाया गया। लेकिन सारा सामान जलकर राख हो गया।