देहरादून: सैनिक कालोनी में बांस के बने रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, सामान के साथ पांच बाइक भी जली
- प्रेमनगर के केहरी गांव स्थित सैनिक कालोनी में हुआ हादसा
- संकरी गलियों के कारण नहीं पहुंच पाई फायरब्रिगेड की गाड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देहरादून के केहरी गांव स्थित सैनिक कालोनी में बने बांस के रेस्टोरेंट में देर रात भीषण आग लग गई। इसमें रेस्टोरेंट के अलावा पांच मोटर साइकिल भी जल गई। स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था।
संकरी गली होने के कारण फायरब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच पाई। बाद में छोटे फायर टेंडर बुलाकर आग बुझाने में मदद की। प्रेमनगर की सैनिक कालोनी में प्रवीण तोमर नीलकंठ के नाम से रेस्टोरेंट चलाते हैं।
बांस से आकर्षित ढंग से रेस्टोरेंट बनाया गया था। शिवरात्रि के चलते शुक्रवार को रेस्टोरेंट बंद था। देर रात पौने दो बजे के करीब अचानक रेस्टोरेंट में आग लग गई। आग लगने का शोर मचा तो आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
लोगों ने फायरकर्मियाें को सूचना देकर आग बुझाने की कोशिश की। फायर बिग्रेड की गाड़ी तो पहुंच गई, लेकिन संकरी गली होने के कारण रेस्टोरेंट तक नहीं पहुंच पाई। जिसकी वजह से आग बुझाने में लोगों को मशक्कत करनी पड़ी।
बाद में फायर ब्रिगेड की छोटी गाड़ी मंगाकर पानी डाला गया, लेकिन तब तक पूरा रेस्टोरेंट जल चुका था। सूबेदार मेजर (रिटायर्ड) तीर्थ सिंह रावत का कहना है कि आग से पूरा फर्नीचर, फ्रीज, फ्रीजर और वहां खड़ी पांच मोटर साइकिल जल गई हैं। एक कार को जलने से बचा लिया गया।
कैसे लगी आग, स्पष्ट नहीं
रेस्टोरेंट में आग का कारण स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट बंद होने के कारण बिजली लाइन बंद थी। ऐसे में शार्ट सर्किट से आग की संभावनाएं न के बराबर है। आशंका यह भी है कि किसी ने खुन्नस में तो आग नहीं लगाई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।