अमर उजाला एक्सक्लूसिव: महाकुंभ 2021 में रेलवे स्टेशनों पर भी ठहर सकेंगे एक लाख यात्री
- हरिद्वार, मोतीचूर, ऋषिकेश और ज्वालापुर स्टेशन पर बनाए जा रहे हैं अस्थायी आशियाने
- कुंभ में चारों रेलवे स्टेशनों पर ठहरने वाले यात्रियों को हाथोंहाथ कमरे करवाने होंगे बुक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वर्ष 2021 में हरिद्वार में लगने वाले महाकुंभ के मद्देनजर रेल प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे की ओर से हरिद्वार, मोतीचूर, ज्वालापुर और ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर एक लाख यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए चारों रेलवे स्टेशनों पर अस्थायी आशियाने तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के उचित खानेपीने के स्टॉल की सुविधा भी होगी। इसके लिए उन्हें बाजार के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
हरिद्वार में महाकुंभ के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकुंभ में जुटेंगे। ऐसे में सभी विभागों को श्रद्धालुओं को सुविधा देने की बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभाग तैयारी में जुटे हैं। इनमें बड़ी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की भी होगी। ट्रेनों से बाहर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पर पहुंचेंगे। उनकी सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से इस बार रेलवे स्टेशन परिसर में भी ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।
इसके लिए रेलवे स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी आशियाने तैयार किए जा रहे हैं। रेलवे ने यात्रियों के ठहरने के लिए हरिद्वार, मोतीचूर, ऋषिकेश और ज्वालापुर रेलवे स्टेशनों को चयनित किया है। बताया जा रहा है कि इन स्टेशनों पर एक लाख यात्रियों के लिए ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। यहां ठहरने वाले यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए खानपान की भी उचित व्यवस्था की जाएगी। यात्री यहां पहुंचने के बाद हाथोंहाथ बुकिंग करवा सकेंगे।
कुंभ में चलेंगी 40 स्पेशल ट्रेन
रेलवे की ओर से हरिद्वार महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था भी की जाएगी। महाकुंभ के दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए 40 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है। इस दौरान नियमित ट्रेनों को मिलाकर हरिद्वार से करीब 72 ट्रेनें रोजाना चलाई जाएंगी।
महाकुंभ के लिए रेलवे की कार्ययोजना तैयार
महाकुंभ में आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। इसके लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। लक्सर से हरिद्वार तक रेलवे फाटकों पर अंडरपास या रेलवे फुट ओवर ब्रिज बनाने का काम शुरू हो गया है। चारों स्टेशनों पर एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्मों पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। स्पेशल ट्रेनें ऋषिकेश तक जाएंगी और ज्वालापुर में भी रुकेंगी।
-रेखा शर्मा, प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक
जान सकेंगे उत्तराखंड की लोक संस्कृति
महाकुंभ में हरिद्वार रेलवे स्टेशन का स्वरूप बदला नजर आएगा। ट्रेन से उतरते ही यात्रियों को उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। स्टेशन की भव्यता में भी चार चांद लगे नजर आएंगे। ए-वन श्रेणी के हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार कार्य कराए जा रहे हैं।
स्टेशन परिसर में लिफ्ट, एस्केलेटर और आधुनिक शौचालय बनाए गए हैं। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल से अनुमति मिलने के बाद रेलवे स्टेशन के बाहरी हिस्से पर लोक संस्कृति (गढ़वाली और कुमाऊंनी लोक नृत्य आदि व पहाड़ की संस्कृति) को दर्शाए जाने का कार्य भी शुरू हो गया है। फाइबर और अन्य वस्तुओं से इसे तैयार किया जा रहा है।