पीएफ खाताधारकों के खाते को आधार लिंक न करना पड़ा भारी, 367 कंपनियों को ईपीएफओ का नोटिस
भविष्य निधि (पीएफ) खाताधारकों के खाते को आधार लिंक न कराने वाली प्रदेश की 367 कंपनियों को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन कंपनियों को आधार अपडेट कराने के लिए 25 दिसंबर तक का समय दिया गया है।
ईपीएफओ के क्षेत्रीय अधिकारी मनोज कुमार यादव ने बताया कि गढ़वाल मंडल में 4,06,869 पीएफ अंशधारक हैं। बार-बार कहने के बावजूद 367 कंपनियों ने इनमें से 1,27,307 कर्मचारियों के खाते में आधार लिंक नहीं कराया है।
उन्होंने बताया कि चूंकि एक जनवरी से पीएफ की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने जा रही है, इसलिए पीएफ अंशधारकों को आधार लिंक न होने पर इसके लाभ नहीं मिल पाएंगे। लिहाजा, सभी कंपनियों को नोटिस जारी किया गया है।
इनमें उपनल, ओएनजीसी, भेल, एसजीआरआर मिशन, जीएमवीएन, वन विकास निगम, परिवहन निगम, बीएसएनएल, टीएचडीसी सहित कई नामी कंपनियां शामिल हैं। सभी को हिदायत भी दी गई है कि वह हर हाल में 25 दिसंबर तक सभी पीएफ अंशधारकों के खाते में आधार लिंक करा लें। इसके लिए जीएमएस रोड स्थित ईपीएफ कार्यालय में हेल्प डेस्क भी खोली गई है।
तीन दिन में खाते में आएगा पैसा
नए साल के साथ ही पीएफ खाताधारकों का क्लेम सहित पूरा काम ऑनलाइन होने जा रहा है। अब क्लेम के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के तीन दिन के भीतर खाताधारक के खाते में पैसा आ जाएगा। यह सुविधा केवल उन्हीं पीएफ खाताधारकों को मिलेगी, जिनके पीएफ खाते से आधार लिंक होंगे।
60 बैंक शाखाओं की शिकायत
ईपीएफओ ने 31 दिसंबर तक सभी पीएफ पेंशनधारकों को लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट कराने का समय दिया हुआ है। इसके लिए ईपीएफओ ने पीएनबी और एसबीआई से अनुबंध किया है। तमाम ऐसे बैंक हैं, जहां से लाइफ सर्टिफिकेट अपडेशन में आनाकानी की जा रही है।
ईपीएफओ ने ऐसी 60 शाखाओं की शिकायत संबंधित बैंकों के मंडल और मुख्य कार्यालयों से की है। क्षेत्रीय अधिकारी मनोज कुमार यादव के मुताबिक, जो भी पेंशनधारक 31 दिसंबर तक लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट नहीं कराएंगे, उन्हें एक जनवरी से पेंशन मिलनी बंद हो जाएगी।