{"_id":"58f39c5d4f1c1be55c4706da","slug":"elephant-dead-after-electric-shock-in-ramnagar","type":"story","status":"publish","title_hn":"रामनगर में करंट से हाथी की मौत,जंगल में लगी आग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रामनगर में करंट से हाथी की मौत,जंगल में लगी आग
ब्यूरो/ अमर उजाला,रामनगर (नैनीताल)
Updated Sun, 16 Apr 2017 10:01 PM IST
विज्ञापन
निरीक्षण करती डीएफओ नेहा वर्मा
- फोटो : amarujala
कार्बेट पार्क के बिजरानी रेंज में एक हाथी की मौत की गुत्थी सुलझी भी नहीं थी कि रामनगर वन प्रभाग के कोसी रेंज में रविवार को करंट लगने से एक हाथी की मौत हो गई। विद्युत लाइनों से निकली चिंगारी से चार हेक्टेयर से अधिक जंगल भी जल गया। वन विभाग ने हादसे में विद्युत विभाग को दोषी मानते हुए ईई पर मुकदमा दर्ज करवाया है।
विज्ञापन
रामनगर वन प्रभाग की डीएफओ नेहा वर्मा ने बताया कि रविवार की सुबह साढे़ नौ बजे कोसी रेंज के धुलवा बीट कक्षा संख्या 4सी दोमुंडा ब्लॉक में एक हाथी के मृत पाए जाने की सूचना मिली। मौका मुआयना करने पर देखा गया कि नौ वर्षीय नर हाथी जंगल के बीच से गुजर रही 1100 केवी विद्युत लाइन के खंभे पर करंट से झुलसकर मर गया। विद्युत लाइनों की चिंगारी से घटनास्थल पर 4.5 हेक्टेयर वन क्षेत्र भी जल गया।
विज्ञापन
डीएफओ ने बताया कि यह घटना विद्युत विभाग की घोर लापरवाही दर्शाती है। घटना के लगभग एक घंटे बाद भी उक्त लाइन में करंट चलता रहा, जिसके कारण लगी आग को काबू नहीं किया जा सका। इस मामले में विद्युत विभाग के ईई के खिलाफ एस-2 केस के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। नर हाथी का पोस्टमार्टम डॉ. दुष्यंत शर्मा और डॉ. योगेश अग्रवाल ने किया। उसके बाद शव को दफना दिया गया है।
विज्ञापन
वहीं, विद्युत विभाग के ईई नितिन गर्खाल ने भी घटनास्थल का मुआयना कर बताया कि हाथी ने खंभे में अपने शरीर को रगड़ा। इसके चलते विद्युत तार पिन रेग्यूलेटर से उतर कर अर्थिंग वाले तार से टकरा गया, जिससे यह हादसा हुआ है। मौके पर एसडीओ टीएस शाही, रेंजर वीपी पंत आदि मौजूद थे। बता दें कि कार्बेट पार्क के बिजरानी रेंज में शनिवार को एक नर हाथी का सड़ागला शव मिला था।