कांग्रेस अपने विधायकों को दे सकती है सजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के कांग्रेस विधायकों और विधानसभा का चुनाव लड़े नेताओं की क्लास लगेगी।
कांग्रेस में लोकसभा उम्मीदवारों की ओर से कुछ विधायकों के घर बैठने या फिर दूसरे इलाकों में सक्रिय रहने की शिकायतें बड़े नेताओं तक पहुंच रही हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे में भी स्थानीय विधायकों के ना पहुंचने के मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही मुख्यमंत्री के रामनगर दौरे के दौरान स्थानीय विधायक अमृता रावत नहीं पहुंच पाई थीं।
हालांकि उन्होंने कार्यक्रम की सूचना देर से मिलने की बात कही है। मुख्यमंत्री के सितारगंज इलाके के दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा मौजूद नहीं थे। जिस पर स्थानीय स्तर पर पार्टी में नाराजगी भी उभर कर आई थी।
कांग्रेस में गुटबाजी अभी शांत नहीं
इसमें कोई शक नहीं कि कांग्रेस में फिलहाल गुटबाजी शांत है। इसका कारण सभी अपने-अपने सांसद जिताने के लिए जी-जान से जुटे हैं।
दरअसल बहुगुणा कैंप के हरिद्वार संसदीय क्षेत्र के कुछ विधायक टिहरी सीट में लगे हैं और अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र के कुछ विधायक हरिद्वार पर फोकस करे हैं।
इसी प्रकार नैनीताल केसंसदीय क्षेत्र के कुछ विधायकों ने अपनी आमद टिहरी और पौड़ी में करा रखी है। पौड़ी के कुछ विधायक शांत बैठे हैं तो कुछ टिहरी में जुटे हैं। ऐसे में पार्टी और उम्मीदवारों को भी दिक्कतें आ रही हैं।
इसी से निपटने केलिए पार्टी जल्द ही वर्तमान विधायकों और विधानसभा का चुनाव लड़े उम्मीदवारों की बैठक बुलाकर जिम्मेदारी तय करने जा रही है। ताकि इलाके में उनका लाभ मिल सके।
कांग्रेस के प्रचार में आएगी तेज
नामांकन के अंतिम दिन पौड़ी सीट से हरक सिंह रावत की उम्मीदवारी का पर्चा भरवाने के बाद कांग्रेस ने प्रचार-प्रसार पर पूरा फोकस किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य ने बताया कि चुनावी जनसभाओं के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी की जनसभाओं की स्वीकृति प्राप्त हो गई है जिसकी तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने शनिवार को चुनाव प्रबन्धन समितियों की घोषणा की। चुनाव से संबंधित जो कमेटियां गठित की गई हैं उसमें मुख्यमंत्री हरीश रावत के करीबी नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं इंदिरा ह्दयेश के बेटे सुमिति और यशपाल आर्य के बेटे के साथ विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल के भाई दिनेश कुंजवाल भी कमेटी में हैं।
निगरानी के लिए स्थापित होगा नियंत्रण कक्ष
कांग्रेस ने पांचों लोकसभा सीटों पर निगरानी के लिए देहरादून में चुनाव नियंत्रण कक्ष स्थापित करेगी। जिसमें विजय सारस्वत, रामशरण नौटियाल, प्रयाग दत्त भट्ट, मथुरा दत्त जोशी, राजीव जैन, जोत सिंह बिष्ट और मनीष नागपाल को रखा गया है।
देहरादून मुख्यालय में ही मीडिया समन्वय टीम प्रभारी सुरेन्द्र कुमार के साथ काम करेगी। जिसमें उपाध्यक्ष सूर्य कांत धस्मान, राजीव जैन, शिल्पी अरोरा, मथुरा दत्त जोशी और राजीव महर्षि शामिल हैं।
पार्टी ने मीडिया से जुड़ी टीम से कुछ नियमित प्रवक्ताओं की छुट्टी कर दी है। सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि स्टार प्रचारकों के आवागमन के प्रबन्ध एवं कार्यक्रम के अलावा कांग्रेस प्रवक्ताओं को कांग्रेस मुख्यालय में नियमित ब्रीफिंग होगी।
स्टार प्रचारक प्रबंधन कमेटी में विजय सारस्वत, राजीव जैन, जसबीर रावत, लाल चंद्र शर्मा, हरेन्द्र सिंह लाडी, राजीव महर्षि, दिनेश कुंजवाल, सुमित ह्दयेश और हिमांशु गाबा शामिल हैं।
कैंप कार्यालय हल्द्वानी में तिलक राज बेहड़, नारायण पाल, भूपाल भाकुनी, दिनेश कुंजवाल, शिल्पी अरोरा और संजीव आर्य को शामिल किया गया है।