उत्तराखंड में भूकंप के झटके, धरती डोलने से सहमे लोग
उत्तराखंड में चारधाम में पड़ने वाले यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के स्थल उत्तरकाशी में भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटके हालांकि कम तीव्रता के थे, लेकिन भय के चलते लोग काफी देर सड़क में ही नजर आए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार 12 जून को उत्तरकाशी जिले में दोपहर दो बजकर 42 मिनट पर भूकंप के झटकों से धरती डोल उठी। झटके महसूस होने पर भयभीत लोग घरों से बाहर निकल आए।
जानिए, कितनी तीव्रता का था भूकंप
भूकंप हालांकि कम तीव्रता का था, लेकिन ऐसे वक्त पर आया है, जब चारधाम यात्रा चल रही है। लाखों की संख्या में श्रद्घालुगण गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में मौजूद हैं। भूकंप से लोगों में दहशत का माहौल है।
रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3 थी। इसका केंद्र जमीन में 10 किलोमीटर अंदर था। हलांकि, इससे कोई नुकसान कोई सूचना नहीं है। राज्य आपदा न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र देहरादून के मुताबिक उत्तराखंड में सिर्फ उत्तरकाशी में ही भूकंप के मामूली झटके महसूस होने की जानकारी है।
