मैराथन में छात्रों को पीटने वाले वार्डन पर मुकदमा दर्ज, थककर बैठे छात्रों की चाबुक से की थी पिटाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्कूल की मैराथन दौड़ में थककर बैठने वाले छात्रों की चाबुक से पिटाई करने वाले वार्डन के खिलाफ परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोप है कि दून इंटरनेशनल स्कूल पौंधा के वार्डन ने न सिर्फ छात्रों की पिटाई की बल्कि स्कूल में बंद कर उन पर मामले को किसी को न बताने का दबाव भी डाला गया था। इधर, स्कूल प्रबंधन ने वार्डर कर्नल (सेवानिवृत्त) आरएस सिद्धू को निष्कासित कर दिया है।
थानाध्यक्ष प्रेमनगर दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि इस प्रकरण में संजीव गुप्ता (निवासी कृष्ण विहार, रामपुर, उत्तर प्रदेश) की तहरीर पर कार्रवाई की गई है। इसमें बताया गया कि शुक्रवार को स्कूल की ओर से हाफ मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया था। इसमें स्कूल के लगभग डेढ़ सौ बच्चे भाग ले रहे थे।
वार्डन सिद्धू भड़क गए और छात्रों के पीछे कुत्ते दौड़ा दिए
इस दौरान कुछ छात्र थककर बैठ गए। उसके बाद पीछे से आए छात्रों ने उन्हें उठाया और आगे की तरफ ले गए। इसी बीच मौके पर वार्डन कर्नल आरएस सिद्धू (सेवानिवृत्त) जर्मन शैफर्ड कुत्तों के साथ पहुंचे और छात्रों को डांटने लग गए।
कुछ देर बाद लगभग 12 छात्र एक जगह थककर बैठ गए। इस पर वार्डन सिद्धू भड़क गए और छात्रों के पीछे कुत्ते दौड़ा दिए। इस पर भी जब कुछ छात्र बैठ गए तो उन्होंने छात्रों को चाबुक से पीटना शुरू कर दिया। छात्र चिल्लाते हुए वहां से भाग निकले। इस पर कुछ छात्रों ने शोर मचा दिया। इस पर मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई।
स्कूल बस बुलाई गई और छात्रों को स्कूल ले जाया गया
मामले को दबाने के लिए तत्काल स्कूल बस बुलाई गई और छात्रों को स्कूल ले जाया गया। वहां उन पर डांटा कर यह दबाव बनाया गया कि कोई इस घटना को बाहर नहीं बताएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने के आरोप और किशोर बाल अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इसके साथ ही पुलिस ने रविवार शाम को सिद्धू के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार किया है। इधर, स्कूल के चेयरमैन डीएस मान ने बताया कि आरोपी वार्डन कर्नल आरएस सिद्धू को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है।
बाल आयोग ने भी की जांच, कहा होगी कार्रवाई
मामले में रविवार को बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष ऊषा नेगी ने भी स्कूल पहुंचकर छात्रों और उनके परिजनों से बातचीत की। नेगी ने बताया कि छात्रों ने वार्डन कर्नल आरएस सिद्धू पर लगाए आरोपों को दोहराया है।
घटना के बाद से कई छात्र सहमे हुए हैं। इसके साथ ही वार्डन ने भी अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को कबूल किया है। नेगी ने बताया कि आयोग भी अपने स्तर से स्कूल प्रबंधन और वार्डन के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करेगा।