पुलिस ने जो थोड़ी सी पी ली तो खोया आपा, मचाया हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा जिला मुख्यालय में पुलिस कर्मचारियों ने अपनी वर्दी की गरिमा की परवाह किए बगैर शराब के नशे में जमकर हंगामा किया।
अल्मोड़ा में जहां तीन पुलिसकर्मियों ने डीएम सविन बंसल के बंगले में जाकर हंगामा किया वहीं पिथौरागढ़ कोतवाली में एक कांस्टेबल ने शराब के नशे में वहां तैनात अन्य कर्मचारियों को अपनी दबंगई दिखाई। इन चारों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
तीन सिपाहियों ने डीएम बंगले में की मारपीट
अल्मोड़ा में पुलिस के तीन सिपाही थर्टी फर्स्ट की रात शराब पीकर जिलाधिकारी सविन बंसल के बंगले में घुस गए और वहां हंगामा किया। उन्होंने टेलीफोन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ मारपीट की। आरोपियों पुलिस कर्मियों ने यह सब उस वक्त किया जब जिलाधिकारी अपने बंगले में ही थे।
घटना की जानकारी मिलने पर रात में ही सीओ केबी पांडे मौके पर पहुंचे और जांच के बाद तीनों पुलिस कर्मियों को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है। इस मामले की जांच रानीखेत के सीओ को सौंप दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 31 दिसंबर की रात करीब 11.30 बजे पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल पुष्कर नौलिया, चांद थापा और रानीखेत में तैनात भानु प्रताप छावनी क्षेत्र में स्थित डीएम के बंगले में घुस गए। तीनों शराब पीए हुए थे। वहां पहुंचने के बाद तीनों ने हंगामा शुरूकर दिया और टेलीफोन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी से भिड़ गए।
तीनों पुलिस कर्मी हो गए थे मौके से फरार
आरोप है कि उन्होंने टेलीफोन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी से गालीगलौच और मारपीट भी की। शोर सुनने पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने किसी कर्मचारी को बाहर भेजा।
पुलिस कर्मियों द्वारा हंगामा करने की जानकारी मिलने पर डीएम ने रात में ही सीओ केबी पांडे को बंगले में बुलाया। तब तक तीनों पुलिस कर्मी वहां से फरार हो गए थे। सीओ ने डीएम आवास में तैनात पुलिस कर्मी से भी पूछताछ की।
सीओ श्री पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद प्रभारी पुलिस अधीक्षक एनएस नपलच्याल ने हंगामा करने वाले तीनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों में पुष्कर नौलिया और चांद थापा पुलिस लाइन में तैनात थे, जबकि भानु प्रताप को ड्यूटी के लिए रानीखेत भेजा गया था।
वह बगैर बताए रात में अल्मोड़ा पहुंच गया। उन्होंने बताया कि एसपी ने इस मामले की जांच रानीखेत के सीओ गोविंद राम वर्मा को सौंप दी है। इस मामले में विभागीय जांच भी शुरू हो गई है।
कोतवाली में कांस्टेबल ने दिखाई दंबगई
पिथौरागढ़ में पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने नशे की हालत में कोतवाली जाने और वहां अन्य स्टाफ उलझने पर एक कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। एसपी ने बताया कि कांस्टेबल दीपक कुमार शुक्रवार की शाम नशे की हालत में कोतवाली पहुंच गया और वहां मौजूद स्टाफ से उलझने लगा।
कोतवाल ध्यान सिंह ने तत्काल इसकी जानकारी एसपी को दी और बाकायदा उसका मेडिकल भी कराया। एसपी ने इस तरह की हरकत को घोर अनुशासनहीनता बताते हुए तत्काल कांस्टेबल को निलंबित करने के आदेश दे दिए। एसपी ने कहा है कि पुलिसकर्मियों की अनुशासनहीनता को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।