दहेज उत्पीड़न में फंसा आईएएस अफसर
अपर सचिव कृषि सबीन बंसल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और पत्नी से मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। बसंल के अलावा अंबाला में रहने वाले पिता, मां और भाई को भी नामजद किया गया है।
हेल्पलाइन में काउंसिलिंग के बाद कप्तान के आदेश पर देर रात यह रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़िता भी हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की बेटी है। सबीन बंसल और उनकी पत्नी महिमा बंसल के बीच कई माह से विवाद चला आ रहा है।
हेल्पलाइन में उनकी काउंसिलिंग भी हुई थी, लेकिन बात नहीं बनी। हरियाणा के पंचकुला निवासी महिमा बंसल ने सोमवार को एसएसपी अजय रौतेला से मिलकर मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी।
बंसल ने भी कराया था मुकदमा
देर रात दर्ज हुए मुकदमे में महिमा बंसल ने बताया कि उनकी शादी 19 अक्तूबर 2012 को हुई थी। उस समय सबीन बंसल रुड़की में एसडीएम के पद पर तैनात थे। आरोप लगाया कि शादी में डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए जाने के बाद भी उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा।
मांग पूरी न होने पर मारपीट करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी गई। टिहरी हाउस में रहने वाले सबीन बंसल के अलावा अंबाला निवासी उनके पिता शशि बंसल, मां और भाई को आरोपी बनाया गया है।
आईएएस सबीन बंसल ने भी काउंसिलिंग के दौरान एसएसपी ऑफिस में अपने ससुर समेत दो के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था।
सबीन ने सुसर और वरिष्ठ आईपीएस यशपाल सिंघल और मामा को आरोपित किया था। शहर कोतवाली पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।