दून बार एसोसिएशन चुनाव: दिनभर हंगामे के बीच मनमोहन कंडवाल सातवीं बार बने अध्यक्ष, अनिल शर्मा महासचिव
- आज रीकाउंटिंग के बाद सभी पदों के नतीजे घोषित किए जाएंगे
- अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनमोहन कंडवाल और महासचिव पद के प्रत्याशी अनिल शर्मा ने जीत का दावा करते हुए समर्थकों के साथ जश्न मनाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दून बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार देर रात से शुरू हुआ हंगामा शुक्रवार को भी जारी रहा। गहमागहमी के बीच उपाध्यक्ष और थ्री पल्स महिला के चुनाव परिणाम को रोककर निर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई। तीसरे पहर एक महिला प्रत्याशी ने बदतमीजी और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। उधर, पूर्व अध्यक्ष राजीव शर्मा ने पूरी चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए चुनाव को रद्द कराने की मांग की है।
दून बार एसोसिएशन चुनाव में मतगणना के बाद परिणाम घोषित करने को लेकर बृहस्पतिवार देर रात हंगामा हो गया था। चुनाव अधिकारियों ने अध्यक्ष पद पर सातवीं बार मनमोहन कंडवाल और सचिव पद पर अनिल कुमार शर्मा आदि की जीत की मौखिक घोषणा कर दी थी, लेकिन उपाध्यक्ष और थ्री प्लस महिला कार्यकारिणी के पद को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि चुनाव अधिकारी पूरा परिणाम बताए बिना ही उठकर चले गए। हंगामे के चलते यह साफ नहीं हो सका कि किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले हैं। शुक्रवार सुबह बार एसोसिएशन आफिस खुला तो फिर से हंगामा हो गया। दो गुटों के लोगों में आपसी कहासुनी से माहौल गरमा गया। उपाध्यक्ष और थ्री प्लस पर कई प्रत्याशी ऐसे थे, जिन्हाेंने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मतगणना परिणाम को मानने से इंकार कर दिया।
चुनाव अधिकारियों ने इसी गहमागहमी के बीच उपाध्यक्ष और थ्री प्लस के चुनाव परिणाम को रोककर अन्य पदाें के प्रत्याशियों के मतों का ऐलान कर दिया। इसी दौरान अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, सचिव अनिल कुमार शर्मा की अगुवाई में निर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ भी दिला दी गई। गहमागहमी के बीच अचानक महिला प्रत्याशी ने साथी अधिवक्ताआें पर अभद्रता और आपत्तिजनक जनक बातों से अपमानित करने का आरोप लगाते हुए बार सभागार के बाहर धरना शुरू कर दिया। महिला प्रत्याशी के समर्थन में वहां काफी संख्या में महिला अधिवक्ता आ गईं। रात तक महिलाएं धरने पर बैठी रहीं। महिला अधिवक्ता ने इस संबंध में एसएसपी आफिस के शिकायत प्रकोष्ठ में तहरीर भी दी।
2337 अधिवक्ताओं ने डाला वोट
दून बार एसोसिएशन के चुनाव में 2610 अधिवक्ताओं में से 2137 ने मताधिकार का प्रयोग किया है। करीब 1221 मत निरस्त हुए। सबसे ज्यादा मत आडिटर और लाइब्रेरियन पद पर निरस्त हुए हैं।
अध्यक्ष पद
मनमोहन कंडवाल- 1076 (विजयी)
पूर्व अध्यक्ष राजीव शर्मा बंटू 628
रंजन सोलंकी 341
पूर्व सचिव रघुवीर सिंह कठैत 91
(एक वोट निरस्त)
सचिव पद
निर्वतमान सचिव अनिल कुमार शर्मा-791 (विजयी)
प्रकाश टी पाल-522
अनिल पंडित-393
भानु प्रताप सिसौदिया-142
रणदीप सिंह ग्रेवाल-124
हसन मंसूर-39
दीपक कुमार-120
(छह मत निरस्त)
सह सचिव
अमित बंग्वाल-595
अमित वर्मा-497
अनिल सिंह बिष्ट-366
कपिल अरोड़ा-337
वंदना मान-246
बद्री प्रसाद उनियाल-46
(49 मत निरस्त)
ऑडिटर
अल्पना जदली-703 (विजयी)
प्रतिभा जायसवाल-556
वर्तिका त्रिपाठी-244
आलम दास-175
(459 मत निरस्त)
लाइेब्रेरियन
ललित भंडारी-680 (विजयी)
आरएस भारती-534
सुभाष परमार-463
(464 मत निरस्त)
टेन प्लस कार्यकारिणी सदस्य
पंकज भंडारी-820 (विजयी)
सुमन लता सरीन-677
राम सूरत ठाकुर-377
युद्धवीर सिह नेगी-232
(31 मत हुए निरस्त)
सेवन प्लस कार्यकारिणी सदस्य
अनुज शर्मा-880 (विजयी)
मंगल सिंह रावत-522
मधु ठाकुर-458
कौशल कुमार-232
(45 मत निरस्त)
फाइव प्लस कार्यकारिणी सदस्य
अनिल कुमार-615 (विजयी)
अनुज सोनकर-599
दीपक कुमार त्यागी-552
जय प्रकाश सिंह-251
(120 मत निरस्त)
थ्री प्लस कार्यकारिणी सदस्य
अरुण खन्ना-1159 (विजयी)
संदीप कुमार-487
संजय कुमार-445
(46 मत निरस्त)
हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
मतगणना के बाद परिणाम घोषित नहीं होने, बदतमीजी, गाली-गलौज के खिलाफ धरने पर बैठी महिला प्रत्याशी ने कहा कि रात में चार बार मतणगना कराई गई, जिसमें हर बार उन्हें जीत मिली। बावजूद इसके चुनाव परिणाम घोषित नहीं किया गया। योजनाबद्ध तरीके से मतपत्रों का एक बंडल भी चोरी कर लिया गया। दूसरी प्रत्याशी को जिताने के लिए यह प्रपंच किया गया है। इसी दौरान उसके साथ बदतमीजी और गाली-गलौज की गई। महिला प्रत्याशी ने इसके खिलाफ हाई कोर्ट जाने की चेतावनी दी है।
चुनाव अधिकारियों ने उपाध्यक्ष और थ्री पल्स महिला कार्यकारिणी के पद के परिणाम को छोड़कर अन्य पदों पर विजयी होने वाले प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। नई कार्यकारिणी के शपथ के साथ चुनाव अधिकारियाें की जिम्मेदारी पूरी हो गई है। नई कार्यकारिणी ही उपाध्यक्ष और थ्री पल्स महिला के परिणाम को लेकर अगला फैसला लेगी। इन पदों के मतपत्रों को सील कर दिया गया है।
-एलबी गुरुंग, मुख्य चुनाव अधिकारी
चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई है। आनन फ ानन में कार्यकारिणी को शपथग्रहण करा दी गई। जबकि चुनाव विवादित है। अगर विवाद दो पद को लेकर है तो पूरा चुनाव ही विवादित हो गया है। ऐसे में पूरा चुनाव ही रद्द होना चाहिए। सवालों का जवाब देने को चुनाव अधिकारियों को सामने आना चाहिए, लेकिन चुनाव अधिकारियों के सामने न आने के कारण रहस्य गहराता जा रहा है।
-राजीव शर्मा बंटू, पूर्व अध्यक्ष
ये मेरे अधिकार क्षेत्र की बात नहीं है। जो विवाद है वह आपसी बातचीत से सुलझा लिया जाएगा। इन सबके के लिए चुनाव अधिकारी को आगे आकर अपना पक्ष रखना चाहिए।
-मनमोहन कंडवाल, निर्वाचित अध्यक्ष
आरोपों की जांच करेगी पुलिस
दून बार एसोसिएशन से जुड़े दो पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए शहर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस आरोपों की जांच करेगी। जांच में आने वाले तथ्याें के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-श्वेता चौबे, एसपी सिटी।