देहरादून। हर्षल फाउंडेशन, दून संस्कृति और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर का शुभारंभ शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने शुभारंभ किया। इस मौके पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा, दर्जाधारी नरेश बंसल, शिविर संयोजक रमा गोयल आदि मौजूद रहीं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के कार्यों के लिए समाज के अन्य लोगों को भी आगे आने की जरूरत है। दिव्यांगों को दया, सहानुभूति की नहीं बल्कि सहारे की जरूरत है। संयोजक रमा गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 69वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शिविर को सेवा सप्ताह के रूप में समर्पित किया गया है। शिविर में दिव्यांगों के कृत्रिम अंग लगाने के साथ ही ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैशाखी, सुनने की मशीन, चश्मे समेत अन्य उपकरण वितरित किए गए। इसके अलावा फिजियोथेरेपी, स्वास्थ्य जांच, प्रमाणपत्र बनाने और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। आयोजन में अग्रवाल चेरिटेबल ट्रस्ट और पृथ्वीनाथ जी महादेव मंदिर सेवा दल के सदस्यों ने भी सहयोग दिया।