देहरादून: डेंगू संदिग्ध युवती की मौत, जिले में 3417 पहुंची पीड़ित मरीजों की संख्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेंगू के लक्षणों वाले बुखार से पीड़ित 22 वर्षीय एक युवती की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि एक निजी लैब में युवती में डेंगू की पुष्टि हुई थी। जबकि स्वास्थ्य विभाग ऐसी किसी जानकारी से इंकार कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मामले का डैथ ऑडिट कराया जाएगा।
कैंट विधानसभा क्षेत्र के श्रीदेवसुमन नगर निवासी युवती की मौत होने की जानकारी प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने दी है। पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे धस्माना के अनुसार, मृत युवती की मां ने उन्हें बताया कि पिछले चार दिन से उनकी बेटी बीमार थी।
तेज बुखार व उल्टी की शिकायत पर एक बड़ी निजी लैब में खून की जांच कराई तो उसमें डेंगू की पुष्टि हुई थी। तभी से उसका इलाल चल रहा था। शनिवार शाम युवती को फिर उल्टी व तेज बुखार होने लगा।
इस पर युवती के पिता उसे लेकर दून हास्पिटल पहुंचे। जहां उसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. केके टम्टा का कहना है कि युवती को डेंगू था या नहीं इसकी जांच कराई जाएगी।
जिले में 3417 हुई मरीजों की संख्या
जिले में डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या 3417 पहुंच चुकी है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि शनिवार को जितने सैंपल सरकारी अस्पतालों में एलाइजा जांच के लिए भेजे गए थे, उनमें से अब पहले की अपेक्षा कम मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो रही है।
दून अस्पताल में 270 सैंपल में से 12 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसी तरह गांधी शताब्दी अस्पताल में 184 में से 62 मरीजों में डेंगू पॉजीटिव पाया गया। वहीं, कोरोनेशन में 91 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 22 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। एसपीएस अस्पताल ऋषिकेश में 50 में से 14 और सीएचसी रायपुर में 73 में से 33 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
टिहरी और पौड़ी के भी 31 मरीज
शनिवार को एसपीएस अस्पताल ऋषिकेश में 31 मरीज ऐसे थे जो देहरादून को छोड़कर अन्य जिलों से आए थे। जिला वैक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि इसमें टिहरी जिले के 19 और पौड़ी गढ़वाल के 12 मरीज थे।