नशा मुक्ति या यातना केंद्र: सामने आई पोटस्मार्टम रिपोर्ट...युवक के शरीर पर मिले चोट के 10 से ज्यादा निशान
टर्नर रोड निवासी 22 वर्षीय सिद्धू की चंद्रबनी स्थित न्यू आराध्या नशा मुक्ति केंद्र में हत्या कर दी गई थी। वहां का स्टाफ सिद्धू के शव को उसके घर के दरवाजे पर फेंककर भाग गया था।
विस्तार
देहरादून के नशा मुक्ति केंद्र में मारे गए युवक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। डॉक्टरों के पैनल ने उसका पोस्टमार्टम किया था। पैनल की सलाह पर मौत का कारण जानने के लिए विसरा संरक्षित (प्रिजर्व) किया गया है। पोस्टमार्टम में उसके शरीर पर चोट के 10 से ज्यादा निशान आए हैं।
Dehradun: नशा मुक्ति केंद्र में होने गया था ठीक, मिली इतनी यातनाएं कि हो गई मौत, शव की हालत देख कांपे परिजन
जिस हाथ को टूटा हुआ बताया जा रहा था, उसमें फ्रैक्चर नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने युवक के शव का अंतिम संस्कार करा दिया। उधर, पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि टर्नर रोड निवासी 22 वर्षीय सिद्धू की चंद्रबनी स्थित न्यू आराध्या नशा मुक्ति केंद्र में हत्या कर दी गई थी। वहां का स्टाफ सिद्धू के शव को उसके घर के दरवाजे पर फेंककर भाग गया था। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया और करीब दो घंटे टर्नर रोड जाम कर दी।
आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े परिजन
इसके बाद सिद्धू के भाई की तहरीर पर नशा मुक्ति केंद्र संचालक प्रवेश जुयाल समेत चार के खिलाफ हत्या, साक्ष्य छुपाने, एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मंगलवार को सिद्धू के शव का डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। इसके लिए विसरा जांच के लिए भेजा जा रहा है।
मुकदमे की विवेचना सीओ सदर पंकज गैरोला को सौंपी गई है। एसपी सिटी सरिता डोबाल ने बताया कि जांच के दौरान पहले नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती सभी मरीजों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सकती है।
परिजनों ने बुधवार को भी किया हंगामा
मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में बुधवार को भी परिजनों ने शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने से पहले हंगामा किया। वहां पर पुलिस पहुंची और अधिकारियों ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिजन जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।