देहरादूनः हलवाई से पांच सौ रुपये की अवैध वसूली की शिकायत पर दो सिपाही सस्पेंड
- चेकिंग के नाम पर विकासनगर कोतवाली के सिपाहियों ने हलवाई से वसूले थे 500 रुपये
- एक आरोपी सिपाही की जहरीली शराब कांड में पाई गई थी सांठगांठ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विकासनगर कोतवाली के दो सिपाहियों के खिलाफ चेकिंग के दौरान हलवाई से पांच सौ रुपये की अवैध वसूली की शिकायत पर आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने शिकायत पर कड़ा फैसला लेते हुए आरोपी सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है। इनमें से एक सिपाही की पथरिया पीर के जहरीली शराब कांड में तस्कराें से सांठगांठ उजागर हुई थी।
अवैध वसूली की यह घटना विकासनगर कोतवाली क्षेत्र की है। सहसपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी हलवाई करम सिंह 31 जनवरी की रात को दो अन्य कर्मचारियाें के साथ अलग-अलग मोटर साइकिल पर विकासनगर से अपने गांव लौट रहे थे। आरोप है कि बरोटीवाला चौक पर मौजूद कांस्टेबल प्रदीप कुमार और रमेश रावत ने उन्हें रोक लिया। कागजात चेक करने के दौरान अवैध रूप से दो हजार रुपये देने की मांग की गई। रकम न देने पर मोटर साइकिल सीज करने की चेतावनी भी दी। करम सिंह ने इतनी राशि न होने की बात कही। इस पर सिपाहियों ने उनसे अभद्रता की। बाद में दोनों ने 500 रुपये पकड़कर उन्हें चलता कर दिया।
पीड़ित करम सिंह ने मंगलवार को अवैध वसूली की लिखित शिकायत की। डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने शिकायत का संज्ञान लेकर विकासनगर कोतवाली निरीक्षक को तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही प्रदीप कुमार और रमेश रावत के खिलाफ रंगदारी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले से ही हिदायत दी गई है कि अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में विकासनगर कोतवाली में अवैध वसूली करने वाले दोनों सिपाहियाें के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। विवेचना के दौरान आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पुलिसकर्मियों के लिए अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- अरुण मोहन जोशी, पुलिस उप महानिरीक्षक