देहरादूनः अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के नाम रहा दिन, दबोचे कई शातिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून पुलिस ने अलग-अलग मामलों में अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल की राह दिखाई है। देहरादून के लाडपुर स्थित पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आए स्कूटी सवार दो युवक कैश भरा बैग लेकर फुर्र हो गए। इनकी पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस स्कूटी नंबर के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस देर रात तक उनसे पूछताछ करने में जुटी थी।
रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर में कान्हा फ्यूल सेंटर के नाम से पेट्रोल पंप है। पौने ग्यारह बजे के करीब सेल्समैन ने कैश का बैग फीलिंग मशीन पर लटका रखा था। इसी बीच स्कूटी लेकर दो युवक आए। तेल लेने के बाद आरोपी मशीन पर लटका बैग उतारकर ले गए। उस समय सेल्समैन को इसकी भनक नहीं लग पाई। कु छ देर बाद बैग गायब मिला तो घटना का खुलासा हो गया। पेट्रोल पंप मालिक नीरज कुमार की सूचना के बाद एसपी सिटी श्वेता चौबे ने रायपुर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमराें का अवलोकन किया तो आरोपियाें की पूरी करतूत सामने आ गई। फुटेज के आधार पर पुलिस को स्कूटी मालिक तक पहुंचने में देरी नहीं लगी। पुलिस ने शाम के समय स्कूटी सवार दोनों युवकाें को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे पूछताछ करने में जुटी है। बैग में साढ़े तीन हजार रुपये की रेजगारी थी, जो खुले की समस्या को लेकर रखी हुई थी। इन युवकों को लगा था कि बैग में मोटा कैश होगा।
पिस्टल तानने में पूर्व फौजी गिरफ्तार, साला फरार
पुलिस ने बिजली कटौती होने पर मोहनपुर पावस हाउस में कर्मचारियों से मारपीट करने और पिस्टल तानने के आरोप में पूर्व फौजी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी का साला फरार है। प्रेमनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र रौतेला के मुताबिक सात जनवरी की रात बिजली कटौती होने पर दो लोगों ने मोहनपुर पावर हाउस पहुंचकर कर्मचारियाें से मारपीट करते हुए पिस्टल ताना दी थी।
इस मामले में कर्मचारी ह्रदय राणा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पूर्व फौजी सुबोध तोमर और उसके साले शुभम पंवार उर्फ अंकित पंवार की मौजूदगी पाई गई थी।पुलिस ने सुबोध तोमर को ठाकुरपुर रोड से पकड़ लिया, जबकि उसका साला शुभम पंवार फरार है। शुभम की गिरफ्तारी के बाद घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद होने की उम्मीद है। शुभम ही बताएगा कि पिस्टल आखिर कहां से आई थी। पुलिस ने बताया कि आर्मी से रिटायरमेंट के बाद सुबोध प्रेमनगर में दूध की डेयरी चलाता है।
11 हजार की नकली करेंसी के साथ डाक्टर गिरफ्तार
क्लेमेंटटाउन पुलिस ने नकली करेंसी के मामले में वांछित आयुर्वेद के डाक्टर को 11 हजार के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। दबिश के दौरान आरोपी मकान के पिछले दरवाजे से भाग गया था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। आरोपी के दो साथी सितंबर में साढे़ छह लाख की नकली करेंसी के साथ पकडे़ गए थे।
क्लेमेंटटाउन पुलिस ने 17 सितंबर को राजेश गौतम निवासी हर्ष विहार और विक्रम चौहान निवासी हापुड़ को नकली नोट बनाने के आरोप में दबोचा था। इनके पास से साढ़े छह लाख रुपये के नकली नोट, प्रिंटर, पिस्टल आदि बरामद हुए थे। जबकि रुड़की के मकतूलपुरी निवासी संजय शर्मा वांछित चल रहा था। तब से ही पुलिस उसकी तलाश में थी।
एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी को रुड़की से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में संजय शर्मा ने बताया कि वह आयुर्वेद का डॉक्टर है। क्लीनिक नहीं चल पाने के कारण आर्थिक तंगी में यह धंधा शुरू किया था। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
चार साल से भगौड़ा हत्यारोपी राकेश त्यागी गिरफ्तार
क्लेमेंटटाउन पुलिस ने चार साल से भगौड़े हत्यारोपी राकेश त्यागी को गढ़ मुक्तेश्वर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। 2015 में विपुल त्यागी का अपहरण कर हत्या के मामले में वह कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था। कोर्ट ने आरोपी की जमानत लेने वालों के घरों की कुर्की करने के भी आदेश दिए थे।
क्लेमेंटटाउन पुलिस ने गैर जमानती वारंट के आधार पर आरोपी राकेश त्यागी को गढ़ मुक्तेश्वर के खिलवाई गांव स्थित आवास से गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपने सात साथियाें के साथ प्रापर्टी के विवाद में 29 मार्च 2015 को क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में विपुल त्यागी की अपहरण के बाद हत्या कर दी थी।
एसओ नरोत्तम बिष्ट ने बताया कि चार साल पहले जमानत होने के बाद से आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था। कोर्ट से लगातार वारंट जारी होने के बाद वह भूमिगत हो गया था। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ को गढ़ मुक्तेश्वर क्षेत्र में कई मुखबिर लगाए थे। सटीक सूचना के आधार पर राकेश त्यागी को घर से पकड़ लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
छात्रा से छेड़छाड़ में ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार
पुलिस ने टर्नर रोड पर छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा ने छेड़छाड़ का विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी भाग गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि क्लेमेंटटाउन निवासी छात्रा मंगलवार शाम जिम जा रही थी। इसी दौरान टर्नर रोड पर ई-रिक्शा चालक ने उसका पीछा किया और फब्तियां कसीं।
उस समय तो युवती ने घटना को गंभीरता से नहीं लिया। वापस लौटते समय रिक्शा चालक ने छात्रा को जबरन ई-रिक्शा में खींचने का प्रयास किया। अप्रत्याशित घटना से सकते में आई युवती ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोग मौके पर जमा हुए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन पुलिस सक्रिय हो गई। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ को टीम गठित की गई।
एसपी श्वेता चौबे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई तो उसकी तलाश में दबिश दी गई। इसी बीच आरोपी को ई-रिक्शा समेत पकड़ लिया गया। आरोपी का नाम सुमित निवासी ओगल भट्टा बताया गया है। पूछताछ में सुमित अपनी गलती मान रहा था। हालांकि उसका कहना था कि मानसिक हालत ठीक नहीं है। इस कारण उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रिमांड पर लेकर शहजाद से तीन चोरियों का माल बरामद
वसंत विहार पुलिस ने शातिर चोर शहजाद को रिमांड पर लेकर तीन चोरियों का माल बरामद किया है। आरोपी के पास से एक रिवाल्वर भी मिला है, जो मुजफ्फरनगर से चोरी करना बताया है। दो साथियाें की गिरफ्तारी के बाद गिरोह का सरगना पुराने मुकदमे में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया था। पुलिस उपाधीक्षक नगर शेखर सुयाल ने बताया कि 14 दिसंबर को वसंत विहार पुलिस ने रुड़की के शहजाद गैंग के दो चोरों दानिश और शमीम को गिरफ्तार कर कई चोरियों का खुलाया किया था।
सरगना शहजाद पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गया था। पुलिस का दबाव बढ़ने पर आरोपी शहजाद पुराने में मुकदमे में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया था। पुलिस बी वारंट पर आरोपी को देहरादून लाई थी। पुलिस ने आरोपी शहजाद को रिमांड पर लेकर पूछताछ की।
आरोपी की निशानदेही से इंजीनियर एन्क्लेव में इंजीनियर अवनीश कुमार शर्मा, इंदिरानगर में संजय कुमार अग्रवाल और पटेलनगर संबंधित चोरी में गया सोने का कड़ा, सोने की चेन, चांदी का हार, दो बड़ी मूर्ति, हार आदि बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा 32 बोर का रिवाल्वर मिला है। शहजाद का कहना है कि यह रिवाल्वर मुजफ्फरनगर से चोरी करने की बात स्वीकार की है। शहजाद के खिलाफ देहरादून और रुड़की में चोरी के सात मुकदमे दर्ज हैं।