देहरादून : खुद गला घोटकर पति को उतारा मौत के घाट, बता दी आत्महत्या
शराब के कारण हुए झगड़े में पत्नी ने पति की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद हालातों को ऐसे दर्शाया कि पूरा मामला आत्महत्या का लग सके। महिला ने पुलिस को भी सूचना दी। लेकिन पोस्टमार्टम में हत्या का खुलासा हो गया। मकान मालिक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। महिला ने पुलिस के सामने सारी सच्चाई उगल दी।
घटना 28 अगस्त की रात को हुई। कैंट थाना इंस्पेक्टर विद्याभूषण नेगी ने बताया कि बिंदाल क्षेत्र के प्रकाश नगर में राम पुकार झा मूल निवासी बिहार के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो राम पुकार का शव गोदी में रखकर उसकी पत्नी काजल रो रही थी। पास में ही एक साड़ी पड़ी हुई थी। बताया गया कि उसने इसी साड़ी से फांसी लगाई थी। लेकिन, पंचायतनामे के दौरान रामपुकार के गले पर आत्महत्या जैसे निशान नहीं दिखाई दिए। इससे पुलिस को संदेह हो गया।
इसके बाद डॉक्टरों ने जब गले के निशान को देखा तो प्रथमदृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हुआ। इसके बाद जब पोस्टमार्टम हुआ तो पता चला कि रामपुकार की मौत दम घुटने से हुई है। यानी उसकी किसी ने गला दबाकर हत्या की है। इस पर जांच हुई तो शक की सुई पत्नी काजल की ओर गई। इस शक को और बल उस समय मिला जब राम पुकार के मकान मालिक पप्पू ने पुलिस को तहरीर देते हुए हत्या का आरोप काजल पर लगाया। काजल से जब पूछताछ की गई तो उसने उस रात की सारी कहानी पुलिस के सामने बया कर दी।
पूछताछ में काजल ने बताया कि उसका पति शराब पीकर रोज उससे झगड़ा करता था। 28 अगस्त को दिन में भी उसने काजल को मारा पीटा था। इसके बाद रात को फिर वह कहीं से शराब पीकर आ गया और उससे मारपीट करने लगा। इस झगड़े में ही काजल राम पुकार के ऊपर बैठ गई और उसका गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
कमरे के कुंडे से साड़ी टांगकर चली गई बाजार
हत्या को आत्महत्या साबित करने के लिए महिला ने बड़े शातिराना ढंग से काम लिया। महिला ने ऊपर लगे कुंडे में साड़ी टांग दी और खुद बाजार चली गई। वहां से करीब आधे घंटे बाद लौटी तो कमरा खोलकर शोर मचा दिया कि उसके पति ने आत्महत्या कर ली है। लेकिन, उसकी यह चालाकी पहले ही दिन पुलिस की निगाहों में आ गई थी, जिसका तीन दिन बाद पटाक्षेप भी हो गया।
दो बच्चे भी हैं दंपति के
राम पुकार इस मकान में अपने दो बच्चों और पत्नी के साथ रहता था। इनमें एक सात साल का बेटा व एक डेढ़ साल की बेटी शामिल है। परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है तो उसके परिजनों को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।