देहरादून: ज्वेलर को गोली मारकर पैसों से भरा बैग लूट ले गए बाइक सवार बदमाश, ढूंढने में जुटी पुलिस
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने सराफ को गोली मारकर रुपयों और ज्वेलरी से भरा बैग लूट लिया। बैग में करीब 90 ग्राम सोना व 30 से 40 हजार रुपये बताए जा रहे हैं। इसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।
सराफ को पैर में गोली लगी है। उसे श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक पर दो बदमाश सवार थे और दोनों ने हेलमेट पहना था। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र और स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना देर शाम करीब 8:40 बजे कारगी चौक और लालपुल के बीच स्थित ब्लेसिंग फार्म के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, सराफ शफिकुल इस्लाम निवासी पथरी बाग बाइक पर कमला पैलेस के पास अपनी दुकान न्यू सानिया ज्वैलर्स से लौट रहे थे।
जैसे ही वे ब्लेसिंग फार्म के पास पहुंचे, उनकी बाइक को पीछे से आई एक अन्य बाइक ने टक्कर मार दी। इससे वे सड़क किनारे गिर गए। पीछे वाली बाइक से एक बदमाश उतरा और उनके हाथ से बैग छीनने लगा। जब शफीकुल ने बैग नहीं दिया तो एक बदमाश ने पिस्तौल से उनके पैर में गोली मार दी और बैग लेकर कारगी चौक की ओर भाग निकले।
गोली की आवाज सुनकर वहां लोगों की भीड़ लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहने हुए थे। पीछे बैठे एक बदमाश ने मुंह पर रुमाल भी बांधा हुुआ था। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर पटेलनगर प्रदीप बिष्ट मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद वहां पर एसपी सिटी श्वेता चौबे और फिर डीआईजी अरुण मोहन जोशी भी पहुंच गए।
अधिकारियों ने वहां पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि घटना के बाद चारों ओर नाकेबंदी करा दी गई है। इसके साथ ही डोईवाला, विकासनगर और क्लेमेंटटाउन थानों को भी सूचित कर दिया गया है। बाइक काले रंग की बताई जा रही है।
... मैं टोकता तो मुझे भी मार देते
घटना के समय एक ट्रैवलर का ड्राइवर वहां मौजूद था। ड्राइवर ने बताया कि कुछ देर पहले ही उसकी गाड़ी खराब हुई थी। गाड़ी को उसने सड़क किनारे खड़ा कर दिया और किसी को फोन कर रहा था। इसी दौरान एक अवेंजर बाइक को पीछे से आ रही बाइक ने टक्कर मारी। ड्राइवर ने सोचा कि कोई एक्सीडेंट हुआ है।
यह सोचकर वह भी उधर की ओर दौड़ पड़ा, लेकिन जैसे ही एक युवक ने बैग छीनने की कोशिश और गालियां देनी शुरू की तो वह पीछे हट गया। देखते ही देखते उसने गोली मार दी। यह देखकर वह पीछे जा खड़ा हुआ। सब कुछ इतनी जल्दी में हुआ कि कोई पास भी नहीं आ सका। इसी ड्राइवर ने पुलिस को घटना के बारे में बताया।
सघन चेकिंग शुरू की
पुलिस ने घटना के बाद से शहर में सघन चेकिंग शुरू कर दी है। घंटाघर, कारगी चौक, लालपुल, आशारोड़ी आदि इलाकों में नाकेबंदी कर चेकिंग की जा रही है। देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका था।
...इसीलिए किया था सतर्क
बदमाशों की तलाश की जा रही है। कुछ दिन पहले ही निर्देश दिए गए थे कि यदि कोई कैश या मूल्यवान वस्तु लेकर जाता है तो सूचना पुलिस को जरूर दे। इस वक्त अनलॉक चल रहा है और पहले से ही आशंका थी इस प्रकार की घटनाएं हो सकती हैं। बावजूद इसके लोग पुलिस को सूचना देने में लापरवाही बरत रहे हैं। बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
-अरुण मोहन जोशी, डीआईजी।
सर्राफा मंडल द्वारा पहले ही सचेत किया गया था और पुलिस ने भी साथ देने का वायदा किया था कि मांगने पर पुलिस सुरक्षा दी जाएगी। सभी से पुन: निवेदन है कि कोई भी कीमती सामान या रकम ले जाने से पहले पुलिस को सूचना जरूर दें।
-सुनील मेसोन, अध्यक्ष, सर्राफा मंडल देहरादून।