वैज्ञानिक पर लगा नौकर को गायब करने का आरोप
- - युवक के परिजनों ने वैज्ञानिक के खिलाफ की शिकायत
- - गायब युवक पर चोरी का आरोप लगाने पर भड़के परिजन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुड़की स्थित सीबीआरआई के एक वैज्ञानिक के दफ्तर में कार्यरत नौकर संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। उसके परिजनों ने वैज्ञानिक पर युवक को गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। वहीं वैज्ञानिक ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर युवक पर जेवर चोरी का आरोप लगा दिया। इस पर दोनों पक्षों में हंगामा हुआ। पुलिस गायब युवक की तलाश में जुटी है।
सीबीआरआई में एक वैज्ञानिक के दफ्तर में भंगेड़ी निवासी युवक को पिछले हफ्ते अस्थायी तौर पर रखा गया था। बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में युवक गायब हो गया।
परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि वैज्ञानिक की ओर से युवक को धमकी दी जा रही थी। पुलिस ने पड़ताल के लिए वैज्ञानिक को भी कोतवाली बुलवाया। वैज्ञानिक ने कोतवाली पहुंचकर युवक को रविवार के दिन घर बुलाने की बात कुबूल की। साथ ही ये आरोप भी लगाया कि उसने घर से पत्नी के सोने के टॉप्स चोरी कर लिए थे।
वैज्ञानिक ने नौकर पर लगाया चोरी करने का आरोप
उन्होंने युवक को काम पर रखवाने वाले व्यक्ति को घर बुलवाया था। उसके सामने युवक ने चोरी की बात कुबूल भी की थी। इसके बाद उनके बीच लिखित समझौता हो गया था। गायब युवक पर चोरी का आरोप लगाने पर परिजन भड़क गए और उन्होंने वैज्ञानिक पर ही युवक को गायब करने के आरोप दोहराए।
पुलिस ने दोनों पक्षों को बमुश्किल शांत कराया। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच करते हुए युवक की तलाश की जा रही है।
एसएसआई और नेता के बीच नोकझोंक
पुलिस ने वैज्ञानिक को बृहस्पतिवार की सुबह पूछताछ के लिए सिविल लाइंस कोतवाली बुलवाया। वैज्ञानिक के साथ एक भाजपा नेता व व्यापारी नेता भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को आमने सामने बैठाकर जानकारी लेने पर आपत्ति जताई। एसएसआई गोविंद कुमार ने कहा कि मामले की सही जानकारी के लिए दोनों पक्षों से आमने सामने बातचीत करना भी जरूरी है। इस पर दोनों के बीच नोंकझोंक हुई।