स्कूल से आया घर... खाना खाया और लगा ली फांसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून के इंजीनियर्स एन्क्लेव में एशियन स्कूल के एक छात्र ने शुक्रवार को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। कक्षा 12 का छात्र रोजमर्रा की तरह स्कूल से घर आया था। खाना-खाने के बाद अपने कमरे में जाकर यह कदम उठा लिया।
कमरे से न तो कोई सुसाइड नोट मिला है और न ही परिजन सुसाइड की वजह बता पा रहे हैं। बेटे के इस कदम से परिवार में कोहराम मचा है।
बताया जा रहा है कि अर्जुन को उसके दोस्त किसी मामले को लेकर परेशान करते थे। वह उनके उत्पीड़न से परेशान था। वहीं, अर्जुन का अंतिम फेसबुक अपडेट बीती 16 अप्रैल को पाया गया है। इसमें अर्जुन की फोटो अपडेट है।
बसंत विहार थाना क्षेत्र के इंजीनियर्स एन्क्लेव निवासी अनिल सुंदरियाल कारगी चौक पर होटल मैनेजमेंट का संस्थान चलाते हैं। उनका बेटा अर्जुन सुंदरियाल (16) शुक्रवार सुबह रोज की तरह स्कूल गया था। दोपहर एक बजे लौटने के बाद अर्जुन ने भोजन किया। फिर वह कुछ देर आराम करने की बात कहकर अपने कमरे में चला गया।
परिजनों ने खिड़की से झांका तो उड़े होश
काफी देर बाद भी अर्जुन बाहर नहीं आया तो उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया गया। जवाब नहीं मिला तो खिड़की से झांका। अर्जुन पंखे पर लटका हुआ मिला। अंदर का दृश्य देखकर परिजन बदहवाश होकर चिल्लाने लगे। दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया। परिजन अर्जुन को लेकर श्री महंत इंदिरेश अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया। एसओ बसंत विहार प्रदीप चौहान ने बताया कि सुसाइड नोट नहीं मिल सका है। परिजन भी तनाव की कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं।
..मैं तो दोस्त की तरह बर्ताव करता था
लाडले अर्जुन सुंदरियाल के कदम से परिजन बेहद आहत हैं। पिता अनिल ने बिलखते हुए पुलिस को बताया कि वह तो बेटे के साथ दोस्त की तरह बर्ताव करते थे, लेकिन वह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।