सर्वे के बहाने आये और सगी बहनों को लूट गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वरिष्ठ नागरिकों के लिए गैस कनेक्शन का सर्वे करने के नाम पर घर में घुसे दो युवकों ने दो सगी बहनों को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर लाखों रुपये के जेवर लूट लिए। गंभीर हालत में दोनों बहनों को महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र के फेस-टू में सुशीला बहुगुणा (60) छोटी बहन हर्ष उनियाल (54) के साथ रहती हैं। मंगलवार सुबह दस बजे के करीब दो युवकों ने खुद को सीनियर सिटीजन के लिए गैस कनेक्शन का सर्वे करने वाली टीम से जुड़े होने की बात कही। बताया कि वह घर-घर जाकर गैस कनेक्शन के लिए डाटा तैयार कर रहे हैं।
दोनों बहनों ने विश्वास कर उन्हें घर में आने दिया। पानी पिलाने के बाद युवकों ने आईडी ले ली। एक युवक ने चाय पीने की इच्छा जताई। बड़ी बहन सुशीला युवकों के साथ बैठी रही, छोटी बहन चाय बना लाई। इसी बीच बिस्कुट खाते-खाते युवकों ने बहनों की चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया।
चाय पीते ही हुई बेहोश, लाखों का सामान साफ
चाय पीकर बहनें बेहोश हुईं तो युवकों ने सोने के कड़े, अंगुठियां, चेन, टाप्स उतार लिए और अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात साफ कर दिए। युवकों ने घर के कुत्ते को को भी नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। पूर्वाह्न 11 बजे के करीब नौकरानी आई तो घटना का पता चला।
पड़ोसी की मदद से उन्हें महंत इंदिरेश अस्पताल लाया गया। देर शाम तक वह कुछ बताने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस उपाधीक्षक नगर मनोज कत्याल ने घर जाकर घटना की जानकारी ली। अब तक यही पता चल सका कि दोनों युवक गैस कनेक्शन का सर्वेयर बताकर दाखिल हुए थे। बहनों से बात कर ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
ठगी की घटनाओं से पुलिस के हाथ-पैर फूले
शहर क्षेत्र में सीनियर सिटीजन से ठगी की बढ़ती घटनाओं से पुलिस के हाथ-पैर फूले हैं। एक सप्ताह पहले नेहरू कालोनी में एक बुजुर्ग दंपति को नशीली चाय पिलाकर जेवरात उतार लिए थे। दर्शन लाल चौक पर एक बुजुर्ग महिला से जेवर ठग लिए गए। जागरूकता के इरादे से बसंत विहार के सीनियर सिटीजन की बैठक भी ली गई थी। बावजूद घटनाएं थम नहीं पा रही हैं।