एटीएम में सो रहे गार्ड के सिर पर मारा हथौड़ा, पढ़िए 28 सेकेंड में कैसे दिया वारदात को अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेखौफ लुटेरे ने पहले एटीएम में सो रहे गार्ड के सर पर हथौड़ा मारकर हत्या की कोशिश की और इसके बाद एटीएम को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। बेखौफ लुटेरे ने पहले एटीएम में सो रहे गार्ड के सर पर हथौड़े बरसाकर हत्या की कोशिश की और इसके बाद एटीएम को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात देख क्यों पुलिस आलाअधिकारी भी सकते में आ गए। जानने के लिए पढ़िए पूरी खबर...
राजधानी में गार्ड पर जानलेवा हमला कर एटीएम लूटने की कोशिश ने एक बार फिर राजधानी की बिगड़ती कानून व्यवस्था की तस्वीर बेपर्दा कर दी। अक्सर लोगों से गुलजार रहने वाले सहारनपुर चौक के पास हुई इस वारदात से जहां लोगों में सनसनी फैल गई वहीं पुलिस के आलाअधिकारी भी सकते में आ गए।
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी में कैद हुआ हेलमेट पहने लुटेरा एटीएम से रुपये नहीं निकाल पाया। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। सहारनपुर चौक के पास मेन रोड पर आईडीबीआई बैंक का एटीएम है। एटीएम गार्ड राजेन्द्र (55) निवासी श्रीदेव सुमन नगर शनिवार रात एटीएम कक्ष का शटर आधा कर उसमें सो गए।
इसी बीच आए बदमाश ने उनके सिर पर हथौड़े से वार करने शुरू कर दिए, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। गार्ड को अधमरा करने के बाद लुटेरे ने एटीएम को तोड़ने की कोशिश शुरू कर दी। लुटेरे ने सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने की भी कोशिश की। लहूलुहान गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीसीटीवी कैमरे के हिसाब से रात सवा नौ बजे की है घटना
एटीएम मशीन पर हथौड़े चलाकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। लूट में विफल होने पर वह हथौड़ा सीसीटीवी कैमरे के ऊपर फेंककर चला गया, जिससे कैमरा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सुबह तक गार्ड राजेंद्र लहूलुहान हालत में एटीएम कक्ष में पड़े रहे। रविवार सुबह नौ बजे के करीब गार्ड को ढूंढते हुए उनके परिजन एटीएम पहुंचे तो वारदात का खुलासा हुआ।
100 नंबर पर वारदात की सूचना मिलने के बाद शहर और पटेलनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पूरा एटीएम कक्ष गार्ड के खून से सना हुआ था। हथौड़ा भी पास में ही पड़ा मिल गया। गार्ड को पहले दून अस्पताल और बाद में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल लाया गया। डॉग स्कवायड को घटनास्थल पर लाने के अलावा फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्यों का संकलन किया। बाद में एसएसपी निवेदिता कुकरेती और डीआईजी पुष्पक ज्योति ने घटनास्थल का दौरा किया।
गार्ड पर जान लेवा हमला करने के साथ ही एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त किया गया है। हेलमेट पहना बदमाश यहां से कुछ नहीं ले जा सका है। फुटेज के आधार पर बदमाश की धरपकड़ को कई टीमें गठित की गई हैं।
- निवेदिता कुकरेती, एसएसपी
आईडीबीआई के एटीएम में शनिवार रात हुई वारदात सिर्फ 28 सेकेंड की है। हेलमेट पहने बदमाश ने इस अवधि में पूरी करतूत को अंजाम दिया। सीसीटीवी कैमरे का समय और एटीएम मशीन के समय में अंतर होने के कारण पुलिस को जांच आगे बढ़ाने में दिक्कत आ रही है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि हमलावर किसी ना किसी वाहन पर आया होगा।
वैसे भी आईएसबीटी और रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली यह सड़क रात भर चलती है। बावजूद इसके हेलमेट पहने बदमाश ने वारदात को अंजाम दे दिया और पूरी रात इस बारे में किसी को पता नहीं चला। एटीएम परिसर में दो कैमरे लगे हैं, जिनमें से एक को तो बदमाश ने क्षतिग्रस्त कर दिया था, जबकि दूसरा उसकी नजरों में नहीं आया।
पुलिस सूत्रों की मानें तो कैमरे में पूरे घटनाक्रम की 28 सेकेंड के आसपास की फुटेज है। फुटेज में दिख रहा है कि हेलमेट पहने युवक तेजी से एटीएम में आता है, वह सीधे गार्ड के सिर पर हथौड़े से वार करता है। गार्ड को अधमरा करने के बाद वह एटीएम मशीन को छैनी और हथौड़े से तोड़ने की कोशिश करता।
मशीन को क्षतिग्रस्त करने के बाद भी जब उसे सफलता नहीं मिलती तो वह एक कैमरे के ऊपर हथौड़ा फेंककर मारता है, इससे कैमरे का बाहरी हिस्सा टूट जाता है। सीसीटीवी कैमरे और एटीएम के टाइम में अंतर मिला है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी कैमरे में सही समय सैट नहीं था, जिससे घटना के वास्तविक समय की जानकारी नहीं मिल पा रही है।
एसपी सिटी प्रदीप राय का कहना है कि इस बात की काफी आशंका है कि घटना देर रात की हो। दूसरा हेलमेट होने के कारण बदमाश के मोटर साइकिल पर आने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि लूट के प्रयास के अलावा इस पहलू पर भी जांच-पड़ताल की जा रही है कि कहीं गार्ड की किसी से कोई रंजिश तो नहीं है।